Aligarh News: इगलास में लगी चौपाल, विकास के कई बिंदुओं पर हुई चर्चा, ग्रामीणों ने रखे विचार
अमर उजाला की चौपाल में कृषि, यातायात, शिक्षा, कारोबार, सुरक्षा आदि मुद्दों पर अपने विचार रखे और अमर उजाला को बेहतर बनाने के लिए भी सुझाव दिए।
विस्तार
22 जनवरी को इगलास स्थित ओम सेलिब्रेशन में अमर उजाला चौपाल (शहर आपका-मुद्दा आपका) का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील के विकास के लिए कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। प्रबुद्ध नागरिकों ने कृषि, यातायात, शिक्षा, कारोबार, सुरक्षा आदि मुद्दों पर अपने विचार रखे और अमर उजाला को बेहतर बनाने के लिए भी सुझाव दिए। इगलास के विकास के लिए आलू समेत अन्य फसलों के बेहतर उत्पादन पर जोर दिया गया।
वरिष्ठ पाठक एवं बीडीओ पद से सेवानिवृत्त हुए फूलचंद्र तिवारी ने कहा कि वह बचपन से ही अमर उजाला के पाठक रहे हैं। उनके दिन की शुरुआत ही अमर उजाला पढ़ने के साथ होती है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता की पहचान को अमर उजाला आज भी बनाए हुए है, लेकिन स्थानीय खबरों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है। इगलास आलू उत्पादन के लिए प्रख्यात है। इसी के चलते यहां कोल्ड स्टोरेज भी बहुतायत में हैं। इसलिए किसानों को अच्छे उत्पादन के लिए प्रशिक्षण देने की जरूरत है। आलू का उत्पादन बढ़ेगा तो किसानों की स्थिति अच्छी होगी।
बहादुरपुर निवासी वरिष्ठ पाठक चौ. सुंदर सिंह ने कहा कि देहात क्षेत्र में पर्याप्त विकास कार्य नहीं हुए हैं। सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या है। सड़कें जर्जर हैं। इन समस्याओं को उजागर करने की जरूरत है।
इन्होंने रखे विचार
अमर उजाला चौपाल पाठकों से जुड़ने का अच्छा प्रयास है। क्षेत्र में सार्वजनिक पुस्तकालय की जरूरत है। इसका लाभ साहित्य जगत से जुड़े रहने वालों के साथ विद्यार्थियों को भी मिलेगा।- श्रीप्रकाश शर्मा
25 साल से अमर उजाला पढ़ रहे हैं। शुद्ध हिंदी भाषा और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए अखबार जाना जाता है। जनहित से जुड़ी खबरों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है। खबरों का फालोअप जरूर हो।- बनवारी लाल पुष्प
इगलास तहसील में खेती ज्यादा है। इसलिए यहां किसानों को अच्छा उत्पादन लेने के लिए प्रशिक्षण देनेे की जरूरत है। इसके अलावा अच्छे किस्म के बीच तथा कीटनाशक उपलब्ध कराए जाने चाहिए।- हरीश कुमार शर्मा
खेती से जुड़ी खबरों की संख्या बढ़ाई जाएं। साथ ही मौसम के अनुसार खेती से संबंधित कृषि वैज्ञानिकों की राय समय-समय पर प्रकाशित की जाए, जिससे किसान अच्छा उत्पादन ले सकें।- शिव कुमार शर्मा
क्षेत्र के जनहित से जुड़े मामलों को प्रमुखता से प्रकाशित किया जाए। जर्जर सड़कें, झूलते बिजली के तार, जलभराव, गंदगी आदि समस्याओं को लेकर जनता परेशान है। बड़ी समस्याओं को जिला स्तर पर प्रकाशित किया जाए।- हरचरन उपमन्यु
समाज के सभी वर्गों से जुड़े रहने के लिए खबरें प्रमुखता से प्रकाशित की जा रही हैं, लेकिन युवाओं के लिए शिक्षा और खेल की खबरें अधिक होनी चाहिए। क्षेत्र में युवाओं को दौड़ने के लिए ट्रैक की जरूरत है।- गौरव शर्मा
1952 से अमर उजाला के नियमित पाठक हैं। पहले दो पेज का अखबार मिलता था। साहित्य की दृष्टि से अखबार समृद्ध है। स्थानीय खबरों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है।- नरपतदेव भारद्वाज
क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। इन खबरों को प्रमुखता से जिला स्तर पर प्रकाशित किया जाए, जिससे सभी वरिष्ठ अधिकारियों को हालात का पता चले। अखबार में बदहाली पर आधारित व्यंग्य कॉलम होना चाहिए।- डॉ. संजीव कुमार
इन्होेंने भी रखे विचार
हरीश अग्रवाल, देवेंद्र शर्मा, संजय कुमार, प्रभात कुमार, सतीश, कालीचरन, देवकी नंदन, प्रभात चौधरी, लोकेश शर्मा।