जीएसटी की दर में वृद्धि के विरोध में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के सदस्यों ने तालानगरी स्थित वाणिज्य कर विभाग के कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। एडिशनल कमिश्नर ग्रेड 1 के माध्यम से केंद्रीय वित्तमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजा। व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष प्रदीप गंगा ने कहा कि पैकिंग के लिए तैयारी किए जाने वाले बॉक्स पर जीएसटी 12 से बढ़ाकर 18 प्रतिशत कर दी गई है।
कपड़े रेडीमेड, होजरी एवं फुटवियर पर कर की दरें बढ़ाकर 5 से 12 प्रतिशत कर दी गई हैं। सोने के आभूषण पर जीएसटी बढ़ाने की खबरें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी लगाते समय सरकार ने वादा किया था कि पर्याप्त संग्रह होने पर जीएसटी की दरें कम की जाएंगी। कोविड काल में उम्मीद से अधिक संग्रह के बावजूद सरकार जीएसटी बढ़ाती जा रही है।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार नहीं किया गया तो 28 जनवरी को दिल्ली के जंतर मंतर पर विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष ई. रत्नाकर आर्य, राकेश वार्ष्णेय, एमए खान गांधी, शिवकुमार पाठक, मुनेशपाल सिंह, दुर्वेश वार्ष्णेय आदि मौजूद थे।