बहुप्रतीक्षित धनीपुर मिनी हवाई अड्डे के अगले तीन से चार माह में शुरू होने की संभावना जाग गई है। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष सचिव सुरेंद्र सिंह ने निर्माणाधीन परिसर का दौरा किया। उन्होंने रनवे से लेकर लिंक रोड और पट्टी की बाउंड्रीवाल को देखा। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस के साथ मिलकर तय किया कि अड्डा संचालित होने पर इसकी सुरक्षा की कमान जिला पुलिस के हवाले रहेगी। भविष्य में जरूरत के हिसाब से यहां चौकी या थाना भी बनवाया जा सकता है। बाद में देश के अन्य हवाई अड्डों की तरह सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ को भी तैनात किया जाएगा।
विशेष सचिव दोपहर करीब एक बजे धनीपुर हवाई पट्टी पर पहुंचे। उनके औचक दौरे को लेकर अधिकारियों में खलबली मच गई। सूचना पर एडीएम सिटी राकेश मालपाणी, एसपी क्राइम डा. अरविंद कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह सहित राजकीय निर्माण निगम व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी पहुंच गए। विशेष सचिव ने दौरा कर पूरे परिसर को बारीकी से परखा। उन्होंने रनवे पर जल्द पेंट कराने, बाउंड्रीवाल का प्लास्टर कराने, लिंक रोड का काम पूरा करने, परिसर में अन्य छोटे-बड़े कामों को अगले दो माह में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने एसपी क्राइम को निर्देश दिया कि अड्डा संचालित होते ही इसकी जिम्मेदारी जिला पुलिस के हवाले रहेगी। जरूरत होने पर वहां चौकी या थाना स्थापित कराने का भी प्लान तैयार किया जाएगा। सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह के मुताबिक जल्द ही मिनी हवाई अड्डे की सौगात जिलेवासियों को मिलने जा रही है। विशेष सचिव ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।