महिलाओं का भड़क उठा गुस्सा: अलीगढ़ में रक्षाबंधन पर बसें ना मिलने पर लोगों ने किया जमकर हंगामा, लगाया जाम
शहर के गांधी पार्क, मसूदाबाद एवं सारसौल सेटेलाइट बस स्टैंड पर यात्री बसों के लिए भटकते रहे। मसूदाबाद बस स्टैंड पर बसें न पहुंचने पर नारेबाजी करते हुए महिलाएं जीटी रोड पर बैठ गईं और जाम लगा दिया।
विस्तार
रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा के दावों के बीच बृहस्पतिवार को भाइयों के घर जा रही महिलाओं को रोडवेज की बसों की भारी कमी का सामना करना पड़ा। घंटों इंतजार के बाद भी मसूदाबाद बस स्टैंड पर बसें नहीं पहुंची तो महिलाओं का गुस्सा भड़क उठा। दोपहर के समय नारेबाजी करते हुए महिला यात्रियों ने मसूदाबाद बस स्टैंड के सामने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। इस दौरान बसों के न रुकने पर कई बसों पर पत्थर तक फेंके।
परिवहन निगम के अफसरों पर भड़कते हुए महिला यात्रियों ने कहा कि ऐसी मुफ्त सेवा का क्या फायदा जब बस ही न मिल रही? भले ही किराया लिया जाए लेकिन बसें तो मुहैया हों। किसी तरह अफसरों ने बसें बुलाकर महिलाओं का गुस्सा शांत कराया।
बृहस्पतिवार को शहर के गांधी पार्क, मसूदाबाद एवं सारसौल सेटेलाइट बस स्टैंड पर यात्री बसों के लिए भटकते रहे। मसूदाबाद बस स्टैंड पर बसें न पहुंचने पर नारेबाजी करते हुए महिलाएं जीटी रोड पर बैठ गईं और जाम लगा दिया। इसी बीच वहां से निकल रही बसों के न रुकने पर कई गाड़ियों पर पत्थर तक फेंके।
हालांकि इससे बसों में कोई नुकसान नहीं पहुंचा। जाम की सूचना पर बन्नादेवी पुलिस के साथ ही परिवहन निगम के अधिकारी पहुंच गए। उन्हें भी महिलाओं के गुस्से का शिकार बनना पड़ा।
परिवहन निगम के अधिकारियों ने दो खाली बसें मंगवाकर यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए भेजा तब जाम व हंगामा शांत हो सका।
तीस हजार महिलाओं ने की मुफ्त यात्रा
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक शारदा सिंह ने बताया कि शासन से रक्षाबंधन पर दो दिन तक रोडवेज की बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की व्यवस्था की गई है। साधारण, जनरथ या वातानुुकूलित किसी भी बस में महिलाएं शुक्रवार की रात 12 बजे तक नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी।
शहर में चलने वाली स्मार्ट सिटी बस सेवा में भी बहनों को मुफ्त सफर कराया जा रहा है। यात्रियों की संख्या को देखते पर्याप्त बसों के साथ नई मिली बसों को भी विभिन्न रूटों पर दौड़ाया गया है। कुछ बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। पहले दिन करीब 30 हजार महिलाओं ने मुफ्त यात्रा की है।
बसों, ट्रेनों में भीड़, नहीं मिली जगह
रक्षाबंधन पर ट्रेनों व बसों में यात्रियों की भीड़ रही। सीटों के लिए खासी मारामारी रही। कानपुर रूट की सभी ट्रेनों में यात्रियों की संख्या अधिक थी। दिल्ली-कानपुर रूट पर यात्रियों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। ट्रेनों में न तो कंफर्म टिकट मिल रही है और न ही उनमें कोच बढ़ाए गए हैं। इस बार दिल्ली-अलीगढ़ रूट पर स्पेशल ट्रेनें भी नहीं चलाई गईं न पैसेंजर ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए हैं।