{"_id":"60cf75b38ebc3e341779cafb","slug":"aligarh-poisonous-liquor-case-22-bank-accounts-of-smugglers-frozen-assets-worth-120-crores-marked-9-accounts-on-radar","type":"story","status":"publish","title_hn":"अलीगढ़ जहरीली शराब कांड: तस्करों के 22 बैंक खाते कराए गए फ्रीज, 120 करोड़ की संपत्ति चिन्हित, 9 के खाते रडार पर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अलीगढ़ जहरीली शराब कांड: तस्करों के 22 बैंक खाते कराए गए फ्रीज, 120 करोड़ की संपत्ति चिन्हित, 9 के खाते रडार पर
Sun, 20 Jun 2021 10:36 PM IST
सुशील कुमार कुमार
अमर उजाला ब्यूरो, अलीगढ़
अमर उजाला ब्यूरो, अलीगढ़
Published by: सुशील कुमार कुमार
Updated Sun, 20 Jun 2021 10:36 PM IST
सार
शासन व डीजीपी के निर्देश पर जहरीली शराब कांड में आरोपियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब फैक्टरी व भंडारण पकड़े जाने के बाद अब उनकी अवैध संपत्तियों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है।
विज्ञापन
जहरीली शराब, फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जहरीली शराब कांड में अवैध शराब का सिंडिकेट चलाने वाले शराब माफिया पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में अब शराब माफिया अनिल, ऋषि-मुनीष सहित उनसे जुड़े नौ लोगों के 22 बैंक खाते फ्रीज करा दिए गए हैं। साथ में अब तक 120 करोड़ की संपत्ति को चिन्हित कर लिया गया है। जल्द ही इस संपत्ति को कुर्क कराने की प्रक्रिया भी पूरी कराई जाएगी।
विज्ञापन
शासन व डीजीपी के निर्देश पर जहरीली शराब कांड में आरोपियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब फैक्टरी व भंडारण पकड़े जाने के बाद अब उनकी अवैध संपत्तियों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में अनिल, ऋषि, मुनीष सहित उनसे जुड़े कुल नौ लोग चिन्हित किए गए हैं, जिनके 22 बैंक खातों का ब्योरा एकत्रित कर उन्हें बैंकों को सूचना भेजकर फ्रीज कराया गया है। साथ में आयकर अधिकारियों व सीए की मदद से उन खातों के पिछले एक दशक से अधिक समय के लेनदेन का ब्योरा एकत्रित कराया जा रहा है।
विज्ञापन
रुपये ज्यादा बार कहां से आते थे, किसे भेजे जाते थे। किस प्रयोग में रुपयों का लेनदेन होता था। इन सभी तथ्यों पर काम हो रहा है। इसके अलावा अब तक 120 करोड़ की संपत्तियों को चिन्हित किया गया है। गैंगस्टर की प्रक्रिया पूरी होते ही इन संपत्तियों को कुर्क कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
विज्ञापन
एक और शराब तस्कर गिरफ्तार, पूछताछ जारी
शराब कांड में गिरफ्तारी अभियान में जुटी पुलिस टीम ने ऋषि-मुनीष के करीबी एक और शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिससे माल बरामदगी आदि विषयों पर पूछताछ चल रही है। गिरफ्तार किए गए जगदीश पुत्र जयनारायन निवासी खडउआ पालीमुकीमपुर के विषय में मुनीष की गिरफ्तारी के बाद ही इनपुट मिला था। तभी से उसे खोजा जा रहा था। अब उससे पूछताछ जारी है।
जेल भेजा गया कारोबारी गौतम
हरदुआगंज पुलिस द्वारा रिमांड पर लिए गए तालानगरी में अवैध शराब फैक्टरी के संचालक गौतम कुमार को जेल भेज दिया गया है। उसे तीन दिन की रिमांड पर लिया गया था। उसने पहले दिन मिथाइल के दो ड्रम बरामद कराए थे। इससे ज्यादा वह कुछ बरामद नहीं करा सका। कुछ नाम जरूर बताए हैं, उन्हें तलाश किया जा रहा है। रविवार को उसे जेल भेज दिया गया।
शराब कांड में शासन की मंशा के अनुसार अवैध शराब सिंडिकेट को जड़ से खत्म करने की दिशा में हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है। इसी क्रम में अब उनके बैंक खातों व संपत्तियों का ब्योरा एकत्रित किया जा रहा है। खाते फ्रीज कराए गए हैं। आगे भी तगड़ी कार्रवाई होंगी। -कलानिधि नैथानी, एसएसपी