अलीगढ़: क्षत्रिय करणी सेना युवा जिलाध्यक्ष पर हमले में दो गिरफ्तार, एफआईआर में 100 से अधिक अज्ञात का जिक्र
अलीगढ़ में क्षत्रिय करणी सेना युवा जिलाध्यक्ष सचिन राघव पर स्टेट बैंक तिराहे पर भीड़ द्वारा हमले और आंबेडकर पार्क में माफी मंगवाने के मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने शीशियापाड़ा निवासी करण उर्फ अक्कू और अंकुश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
विस्तार
क्षत्रिय करणी सेना के युवा जिलाध्यक्ष सचिन राघव पर हुए कथित हमले के मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान करण उर्फ अक्कू और अंकुश निवासी शिशियापाड़ा, थाना गांधीपार्क के रूप में हुई है। दोनों को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी करण के खिलाफ पूर्व में पांच और अंकुश के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मंगलवार को हुई सवर्ण महापंचायत के दौरान सचिन के भाई सुंदर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने वीडियो डिलीट करने की मांग की थी। सचिन के इन्कार करने पर मामला तूल पकड़ गया।
बुधवार को सचिन राघव स्टेट बैंक पर चीला खा रहा था कि तभी लोगों की भीड़ ने उसे घेर लिया और दौड़ा दौड़ा कर पीटा। हमलावर घेरते हुए उसे आंबेडकर पार्क में ले गए और उससे माफी मंगवाते हुए कुछ नारे भी लगवाए। इस पूरे घटनाक्रम के कई वीडियो वायरल हुए जो पुलिस तक भी पहुंचे। सचिन राघव की तहरीर पर 16 सितंबर को थाना सिविल लाइंस में 100 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। एफआईआर में जान से मारने के इरादे से हमला, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
दो आरोपियों को जेल भेज दिया है। आरोपी शीशियापाड़ा के रहने वाले करन और अंकुश हैं। करन पर पहले से ही पांच और अंकुश पर चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वीडियो फुटेज में दिख रहे अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।- सर्वम सिंह, सीओ तृतीय
सचिन राघव का करणी सेना से कोई संबंध नहीं : गौरव राज
सचिन राघव के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में करणी सेना के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री गौरव राज चौहान ने कहा कि सचिन राघव का संगठन करणी सेना पंजीकृत से कोई संबंध नहीं है। शुक्रवार को रामघाट रोड स्थित एक स्कूल में प्रेसवार्ता में गौरव राज चौहान ने कहा कि सचिन राघव संगठन के सदस्य या किसी पद पर नियुक्त पदाधिकारी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की व्यक्तिगत टिप्पणी या सोशल मीडिया गतिविधि के लिए संगठन को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए।
गौरव चौहान ने कहा कि यदि सचिन राघव ने किसी व्यक्ति, समाज या समुदाय के खिलाफ कोई आपत्तिजनक टिप्पणी की है तो उसकी जिम्मेदारी उनकी व्यक्तिगत होगी। प्रेसवार्ता में पदाधिकारियों ने घटना को लेकर भीम आर्मी से जुड़े लोगों पर आरोप लगाए और कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में प्रेसवार्ता में कोई स्वतंत्र साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने की जानकारी नहीं दी गई। जिलाध्यक्ष सुमित तोमर ने कहा कि संगठन इस प्रकरण को गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ में जल्द महासभा आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठन की स्थिति स्पष्ट करने के साथ कानून-व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और न्यायिक प्रक्रिया के सम्मान का संदेश दिया जाएगा।
इस मौके पर वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र चौहान, प्रदेश प्रवक्ता दिनकर परिहार, प्रदेश महामंत्री युवा शक्ति अंकित सैनी और बृज युवा शक्ति प्रांत अध्यक्ष आशीष चौहान भी मौजूद रहे। इस मामले में सचिन राघव का कहना है कि उनका संगठन क्षत्रिय करणी सेना है। गौरव चौहान कौन हैं, उनको वह नहीं जानते हैं।
एसपी से वार्ता का दावा कर फंसे करणी सेना नेता
स्टेट बैंक तिराहे पर सचिन राघव के साथ मारपीट की घटना के बाद कई तरह के दावे सोशल मीडिया पर किए जा रहे हैं। इस क्रम में एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पोस्ट पर स्वयं को क्षत्रिय करणी सेना का संभाग अध्यक्ष ठाकुर मनोज सिकरवार बताते हुए दावा किया कि उनकी इस प्रकरण में पुलिस अधीक्षक से बात हो गई है। इस दावे को अलीगढ़ पुलिस ने पूरी तरह भ्रामक बताया है। पुलिस की ओर से कहा गया है कि इस व्यक्ति की पुलिस अधीक्षक से न तो कोई वार्ता हुई है और नही प्रसारित ऑडियो में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की आवाज है। सीओ सर्वम सिंह ने बताया कि इस प्रकार की भ्रामक पोस्ट करने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। इसके साथ पुलिस के रडार पर ऐसी सभी पोस्ट आ गई हैं, जिनमें तथ्यों से परे दावे किए जा रहे हैं।
सचिन की पत्नी ने एसपी सिटी से की मुलाकात
बुधवार को सचिन की पत्नी सृष्टि राघव शुक्रवार को एसपी सिटी से मिलने उनके कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने कहा कि सचिन की पूरे प्रकरण में कोई गलती नहीं थी। सचिन केवल अपने किए गए कार्य के संबंध में बता रहे थे। उन्होंने कहा कि उनके घर में सभी वर्ग के लोग आते हैं और साथ में खाना खाते हैं। इस प्रकरण को बिगाड़ कर प्रस्तुत किया गया है। एसपी सिटी आदित्य बंसल के समक्ष पूरी बात रखी गई है।