Investors Summit: अलीगढ़ को मिलने जा रहा है निजी मेडिकल विवि, साईं ग्रुप ने किया 200 करोड़ निवेश पर करार
इंवेस्टर्स समिट में अलीगढ़ को एक निजी मेडिकल यूनिवर्सिटी मिलने जा रही है। इसके लिए अपने ही शहर के साईं ग्रुप ने 200 करोड़ के निवेश की पेशकश की है, जिसकी औपचारिकताएं शुरू हो गई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इंवेस्टर्स समिट के जरिये अपना जिला औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई इबारत गढ़ने जा रहा है। इस इंवेस्टर्स समिट में अलीगढ़ को एक निजी मेडिकल यूनिवर्सिटी मिलने जा रही है। इसके लिए अपने ही शहर के साईं ग्रुप ने 200 करोड़ के निवेश की पेशकश की है, जिसकी औपचारिकताएं शुरू हो गई हैं। इस तरह अब तक जिले में 6 हजार करोड़ के करार हो गए हैं। वहीं अब मंडलीय इंवेस्टर्स समिट में स्टॉक एक्सचेंज के जानकारों के जरिये करार के लिए निवेशकों को प्रोत्साहित करने की तैयारी है।
साईं ग्रुप के राकेश गुप्ता साईं ने बताया कि मेडिकल विवि के लिए 20 एकड़ भूमि का मानक है। उनकी ताला नगरी स्थित भूमि पर उन्होंने 200 करोड़ के निवेश का करार इंवेस्टर्स समिट में किया है। इसकी औपचारिकताएं शुरू हो गई हैं। जैसे-जैसे अनुमति मिलना शुरू होगी। उसी अनुसार अलग अलग संकायों के लिए भवन बनना शुरू किया जाएगा। उद्योग केंद्र से भी इस करार की पुष्टि हुई है। बताया गया है कि चूंकि यह 50 करोड़ से अधिक का करार है, इसलिए यह संबंधित विभाग के खाते में जाएगा।
16, 17, 18 जनवरी को मंडलीय इंवेस्टर्स समिट
संयुक्त आयुक्त उद्योग बीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी संग बैठक के बाद तय हुआ है कि मंडल स्तर की इंवेस्टर्स समिट हैबीटेट सेंटर में 16, 17, 18 जनवरी में से किसी एक तारीख पर होगी। इसके लिए तैयारी शुरू हो गई है। इसमें स्टॉक एक्सचेंज के वक्ताओं को प्रमुख वक्ता के रूप में बुलाया जा रहा है। वह एमएसएमई में निवेश की बारीकियां बताएंगे। साथ में टूरिज्म, हेल्थ सहित अन्य तमाम विभागों के अधिकारी भी शामिल होंगे। 150 से ज्यादा निवेशकों को इसमें आमंत्रित किया जा रहा है।
अब तक 4 हजार करोड़ का निवेश 50 करोड़ तक के उद्योगों के लिए 70 उद्यमियों ने किया है। इसके अलावा इससे बड़े निवेश पर संबंधित विभागों से करार हुआ है और 6 हजार करोड़ का निवेश अब तक इंवेस्टर्स समिट के लिए हो चुका है। इस निवेश को 7 हजार करोड़ करने का लक्ष्य है।
अब तक ये बड़े करार हुए
- उमा एक्सपोर्ट द्वारा हार्डवेयर पार्क के लिए करार।
- ग्रुप ऑफ प्रशांत द्वारा खाद्य प्रसंस्करण के लिए 150 करोड़ का करार।
- सादानी ओवरसीज द्वारा हार्डवेयर यूनिट के लिए 125 करोड़ का करार।
- रे इंटरनेशनल व रेडिश टेक्नोलॉजी द्वारा यूनिट को 90 करोड़ का करार।
ये भी हुए करार
- 50 करोड़ ग्रुप ऑफ ओरिएंटल
- 50 करोड़ ग्रुप ऑफ शक्ति
- 20 करोड़ होमफिट एक्सपोर्ट
- 50 करोड़ मस्कट ग्रुप
- 50 करोड़ विधि एक्सपोर्ट आदि सहित 30 यूनिट।
डिफेंस कॉरिडोर में पांच यूनिटों के नक्शे पास
अलीगढ़ पलवल रोड पर गांव अंडला के पास विकसित किए गए डिफेंस कॉरिडोर अलीगढ़ नोड में अब तक पांच यूनिटों के नक्शे पास होने के साथ-साथ उनका निर्माण शुरू हो चुका है। इनमें कुछ यूनिट ऐसी हैं, जिनका काम बहुत तेजी से चल रहा है। जो यूनिट अपना निर्माण करार रही हैं, उनमें स्मॉल गन फैक्टरी वेरीविन प्राइवेट लिमिटेड, एलन-एलवन, एमटैक एडवांस, एडवांस फायर सहित पांच फर्म शामिल हैं। डिफेंस कॉरिडोर में निवेशक/निर्यातक धनजीत वाडरा बताते हैं कि वहां कुछ यूनिटों में इस वर्ष में उत्पादन शुरू करने का पूरा प्रयास है। बाकी निवेशकों के स्तर से नक्शा पास कराने के लिए आवेदन पहुंच रहे हैं।