Smart Meter: रिचार्ज के बाद भी बत्ती कटी तो देर रात तक मचा बवाल, 10 बिजली घरों में डाला ताला, स्टाफ भागा
अलीगढ़ जिले में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं। शहर में 2 लाख से अधिक प्रीपेड स्मार्ट मीटर लग चुके हैं। इन मीटर में बिलिंग बैलेंस समाप्त होने पर इन्हें रिचार्ज करना पड़ता है। पिछले कुछ दिनों से शहर में स्मार्ट मीटर में बैलेंस शून्य होने पर लोग रिचार्ज कर रहे हैं लेकिन इसके बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजली के प्रीपेड स्मार्ट मीटर वाले 11,715 उपभोक्ताओं का कनेक्शन कटने और रिचार्ज के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने पर 14 मार्च की रात को लोगों का आक्रोश भड़क गया। लोगों ने रावणटीला, धनीपुर, जमालपुर, स्वर्ण जयंती नगर, किला रोड सहित करीब 10 बिजली घरों पर पहुंच कर हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए उपभोक्ताओं ने इन सभी बिजली घरों की आपूर्ति ठप कर दी। गेट पर ताला लगा दिया।
धनीपुर में जीटी रोड पर जाम कर दिया। लोगों का आक्रोश देख कुछ बिजली घरों पर स्टाफ बिजली घर छोड़कर चला गया। मौके पर थाना पुलिस पहुंची गई। देर रात तक पुलिस और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच बातचीत चल रही है। लोगों की मांग है कि रिचार्ज के बाद तुरंत उनकी बिजली आपूर्ति बहाल होनी चाहिए। इसके लिए बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से वार्ता चल रही है।
यूपी पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) की स्मार्ट मीटर योजना के तहत अलीगढ़ जिले में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहर में 2 लाख से अधिक प्रीपेड स्मार्ट मीटर लग चुके हैं। इन मीटर में बिलिंग बैलेंस समाप्त होने पर इन्हें रिचार्ज करना पड़ता है। पिछले कुछ दिनों से शहर में स्मार्ट मीटर में बैलेंस शून्य होने पर लोग रिचार्ज कर रहे हैं लेकिन इसके बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो रही है। क्योंकि इन मीटर में बैलेंस शून्य होने आपूर्ति बंद हो जाती है। जिन प्री-पेड स्मार्ट मीटर वाले 11,715 उपभोक्ताओं का कनेक्शन विभाग ने काटा है, उन पर पांच करोड़ रुपये बकाया था।
14 मार्च की शाम तक करीब 6000 उपभोक्ताओं ने 2.89 करोड़ रुपये जमा कर दिया। लेकिन भुगतान के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हुई। इसी के चलते लोगों का आक्रोश भड़क गया। शनिवार को इससे आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बिजली घरों पर हंगामा किया। नौरंगाबाद में जीटी रोड पर जाम लगा दिया।
अलीगढ़-कानपुर नेशनल हाईवे पर स्थित बौनेर कट और शहर से बौनेर को जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगा गई। रावणटीला, सुरेंद्र नगर, भुजपुरा, डी सेंटर, गूलर रोड, लाल डिग्गी, मेडिकल रोड, जमालपुर, शांति निकेतन जैसे इलाकों के बिजली घरों पर उपभोक्ता भारी संख्या में जुटे और गुस्सा जाहिर किया। सभी बिजली घरों पर स्टाफ बिजली घर छोड़कर चला गया। बिजली अधिकारियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।
स्मार्ट मीटर का बकाया जमा करने के साथ ही रिचार्ज भी कर दिया गया। उसके बाद भी शुक्रवार की रात से बिजली नहीं आ रही है। शनिवार दोपहर तक बिजली नहीं जुड़ी।- मनोज, रावणटीला
बिजली विभाग ने बिजली तो काट दिया। बिल जमा किए हुए पांच से छह घंटे हो गए। इस दौरान पांच बार बिजली घर का चक्कर लगा चुका हूं। मगर कनेक्शन नहीं जुड़ा।- सचिन, संजय कालोनी
पहले से बिल जमा करने पर ऐसी दिक्कत नहीं आती। रिचार्ज के बाद ही बिजली जोड़ी जा रही है, लेकिन सिस्टम में देरी या गड़बड़ी के चलते कई उपभोक्ता प्रभावित हो रहे हैं।- पंकज अग्रवाल, मुख्य अभियंता
बिजली का बिल जमा न होने पर आधा दर्जन मस्जिदों की कटी बिजली
बिजली का बकाया जमा न होने पर बिजली विभाग ने शनिवार को मस्जिद नूर खान, मस्जिद सआदत अली खान सहित आधा दर्जन मस्जिदों की बिजली काट दी। रमजान के पाक माह में बिजली काटते से अकीदतमंदों को काफी परेशानी आ रही है। कारण नमाज मस्जिदों के भीतर होता है। ऐसे में भीषण गर्मी से सभी परेशान है। समाज सेवी गुलजार अहमद ने बिजली गुलजार अहमद ने कहा कि मस्जिद का बिल जमा करने की अंतिम तारीख 21 मार्च है। इसकी शिकायत जिला अधिकारी से की जाएगी। कहा कि रमजान के पवित्र महीने में भी बिजली विभाग इस तरह की हरकतें कर रहा है। जिससे समाज में नाराजगी पैदा हो रही है। कहा कि अगर इसी तरह का कार्य बिजली विभाग करता रहा तो वह दिन दूर नहीं के जनता सड़कों पर उतरकर बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन करेगी।
स्मार्ट मीटर की खामियों ने किया नाक में दम
प्रीपेड स्मार्ट मीटर योजना अब उपभोक्ताओं के लिए जी का जंजाल बनती जा रही है। अगस्त 2025 से अब तक जिले के कुल 7.50 लाख में से अब तक 2.50 लाख उपभोक्ताओं के घरों में ये मीटर लगाए जा चुके हैं, लेकिन इनमें तकनीकी खामियों के कारण उपभोक्ताओं में नाराजगी है।
उपभोक्ताओं की सबसे बड़ी शिकायत रिचार्ज अपडेट न होना है। कई बार ऑनलाइन रिचार्ज करने के बाद भी सर्वर डाउन होने के कारण बैलेंस मीटर में शो नहीं करता। नतीजा यह होता है कि बैंक खाते से रुपये कट जाते हैं, लेकिन घर की बिजली गुल रहती है। पोस्टपेड व्यवस्था में जहां बिल न भरने पर नोटिस जारी करने का प्रावधान था, लेकिन यहां बैलेंस खत्म होते ही सप्लाई तुरंत काट दी जाती है।
बिजली विभाग के कर्मचारी नेता पीडी शर्मा कहते हैं कि सरकारी नियमों के अनुसार रात के समय या छुट्टियों में बिजली न काटने (हैप्पी आवर्स) का प्रावधान है, ताकि उपभोक्ताओं को असुविधा न हो, लेकिन तकनीकी खराबी और खराब आईटी इन्फ्रास्ट्रक्चर के कारण यह सिस्टम अक्सर काम नहीं करता और आधी रात को भी लोगों के घरों की बत्ती गुल हो रही है। कर्मचारी नेता दिनेश चंद्र वार्ष्णेय कहते हैं कि विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों और बुजुर्गों के लिए यह प्रणाली अत्यंत जटिल साबित हो रही है। उपभोक्ताओं को यह समझ नहीं आ रहा कि उनका बैलेंस इतनी जल्दी कैसे खत्म हो रहा है।
स्मार्ट मीटर ने दिखाया डिजिटल रंग
- हजारों लोगों की बिजली आपूर्ति हुई बंद
- आपूर्ति बंद होने के बाद विद्युत विभाग कार्यालय पर लोगों की जुटी भीड़
- लोगों ने कहा - जरा सी चूक, कट गई बिजली
- बिल जमा भी कर दिए, तो भी कट गई बिजली
- घर में शादी, रमजान का महीना और गर्मी में बेहाल हुए बिजली कट जाने से लोग
- कम पढ़े-लिखे और अशिक्षित लोगों के लिए सिरदर्द बना स्मार्ट मीटर
- अलीगढ़ के उपखंड अधिकारी कार्यालय प्रथम गूलर रोड पर जमा हुई उपभोक्ताओं की भीड़