{"_id":"7349","slug":"Aligarh-7349-6","type":"story","status":"publish","title_hn":"अवैध आरओ वाटर प्लांट बंद कराया ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अवैध आरओ वाटर प्लांट बंद कराया
Aligarh
Updated Thu, 03 May 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
अलीगढ़। महानगर की घनी आबादी वाली मान सरोवर कॉलोनी में मानकों को ताक पर रखकर चल रहा आरओ वाटर प्लांट कॉलोनी वासियों के विरोध के चलते बुधवार को बंद करा दिया गया। हालांकि इस दौरान प्लांट मालिक मौके से फरार हो गया। मगर पुलिस ने दो कर्मचारी हिरासत में ले लिए। बाद में विद्युत संयोजन काटे जाने और पानी के सैंपल लिए जाने के बाद इन्हें छोड़ दिया गया। अब प्लांट सैंपल रिपोर्ट आने तक बंद रहेगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। मान सरोवर कॉलोनी में प्रदूषण नियंत्रण कार्यालय के सहारे मकान संख्या ए-10 में कपिल विहार निवासी एक कारोबारी ‘श्री हरि’ नाम से वाटर प्लांट चला रहे हैं। छह-सात माह से चल रहे इस प्लांट में आरओ का पानी जार और कैन में पैक कर मार्केट में बेचा जाता था। इस प्लांट में सबमर्सिबल पंप लगातार चलती थीं। इससे इलाके का भूजल लगातार गिर रहा था और कई मकानों में लगी सबमर्सिबल तक पानी देना छोड़ गईं। इसकी इलाके के लोगों ने पूर्व में प्लांट स्वामी से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बुधवार को लोगों ने पहले विद्युत अफसरों को बताया कि घरेलू संयोजन पर कारोबार चल रहा है। इस पर संयोजन काट दिया गया। बाद में एडीएम सिटी से शिकायत की गई। इस पर एसीएम द्वितीय पूरन सिंह राना वहां पुलिस के साथ आ गए। इस दौरान फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम बुला ली गई। इसी बीच वहां से फैक्ट्री मालिक गायब हो गया। बाद में टीम ने वहां मौजूद दो कर्मचारी हिरासत में ले लिए। उनकी निगरानी में पानी के सैंपल लिए गए। साथ ही फैक्ट्री बंद करा दी गई। हालांकि कर्मचारियों को छोड़ दिया गया।
विज्ञापन