नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत: पिटाई के समय बंद कर दिए जाते थे कैमरे, संचालक के खिलाफ दी गई तहरीर
नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत कैसे हुई, इस मामले की पुलिस जांच में जुटी हुई है। आरोप है कि युवक को इस कदर पीटा गया कि उसकी जान चली गई। पिटाई के समय सीसीटीवी बंद कर दिए गए थे।
विस्तार
आगरा में इलाज के लिए भर्ती प्रशांत कुमार की शुक्रवार को मौत के बाद संकट मोचन नशा मुक्ति केंद्र पर शनिवार को ताला लटक गया। यह केंद्र ग्वालियर हाईवे स्थित इटौरा में है। परिजन ने पीटकर हत्या का आरोप लगाया था। अन्य 16 मरीजों को उनके परिजन ले गए। वहीं केंद्र संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस जांच कर रही है।
ये है मामला
पिता गया प्रसाद ने बताया कि प्रशांत को 16 जनवरी को यहां भर्ती कराया गया था। केंद्र के अध्यक्ष उदित चौहान और सचिव अनुराग शर्मा उन्हें उसकी वीडियो भेजते थे। बृहस्पतिवार की वीडियो में वह स्वस्थ नजर आ रहा था। प्रशांत के परिजन ने वहां रहने वाले युवकों से बातचीत की। इसमें भर्ती लोगों ने नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष मलपुरा तेजवीर सिंह ने बताया कि चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित रखा है। उसके आधार पर कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें - महिला से बदसलूकी फिर पिटाई: थाने पहुंचे पार्षद तो दबंग ने की ऐसी हरकत, समर्थकों संग बैठ गए धरने पर
पिटाई के समय बंद कर देते थे कैमरे
केंद्र में भर्ती युवकों का आरोप है कि केंद्र के कर्मचारी पिटाई के दौरान वहां लगे सीसीटीवी बंद कर देते थे। नशा मुक्ति केंद्र एक भवन के प्रथम तल पर फ्लैट में चल रहा था। मामले में केंद्र के अध्यक्ष उदित चौहान से संपर्क किया गया मगर वह नहीं मिले।