Firozabad: शादी की पहली वर्षगांठ पर युवक ने की आत्महत्या, पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर दी जान
शादी की पहली वर्षगांठ पर युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हर कोई सकते में है कि आखिर उसने आत्मघाती कदम क्यों उठाया।
विस्तार
फिरोजाबाद में एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मंगलवार की सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक ने अपनी शादी की पहली वर्षगांठ पर आत्मघाती कदम उठाया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
दक्षिण थाना क्षेत्र के मोहल्ला करबला गली नंबर नौ निवासी पंकज कुमार का शव मंगलवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे कमरे में साड़ी से फंदे से लटका मिला। घर पर पंकज और उसकी पत्नी थी। माता-पिता सत्संग में गए थे। छोटा भाई भी घर पर नहीं था। पंकज की पत्नी छत पर सफाई कर रही थी। सफाई कर पत्नी नीचे आई तो कमरा अंदर से बंद होने पर उसने पति को आवाज लगाई। लेकिन दरवाजा नहीं खुला।
अंदर से बंद था कमरे का दरवाजा
पत्नी ने शोर मचा दिया। आसपास के लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने जंगले से झांककर कमरे के अंदर देखा तो पंकज का शव फंदे से लटका था। सूचना पर दक्षिण थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता सालिगराम ने बताया कि पंकज मजदूरी करता था। सुबह वह काम के लिए निकला था, उसका मोबाइल फोन खो गया था। इसके बाद वह घर लौट आया और फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पंकज ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इस सवाल पर उसके परिजन भी कुछ नहीं बता सके।
20 जून 2021 को हुई थी शादी
पंकज की शादी 20 जून 2021 को हुई थी और 21 जून को बरात लौटकर आई थी। शादी के ठीक एक साल बाद पंकज ने आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष दक्षिण बैजनाथ सिंह का कहना युवक ने आत्महत्या की है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।