आगरा: युवक ने किया युवती पर चाकू से हमला, तेजाब फेंकने की धमकी दी
हरीपर्वत का मामला: आरोपी शादी के लिए बना रहा दबाव, युवती ने कर दिया था इंकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के हरीपर्वत क्षेत्र के एक मोहल्ले में गुरुवार की रात तकरीबन 10 बजे पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर युवती पर चाकू से हमला कर दिया। युवती ने किसी तरह खुद को बचाया, उसके गले पर खरोंच आई है। मां ने हमलावर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी युवती पर तेजाब फेंकने की धमकी देकर भाग निकला। युवती ने बताया कि युवक उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा है। पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
युवती ने पुलिस को बताया कि वो प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है। पड़ोस का अनिल राजौरा काफी समय से उसे परेशान कर रहा है। पहले मोबाइल पर कॉल करके दोस्ती का दबाव बना रहा था, फिर कहने लगा कि शादी करनी है। वो भाई का दोस्त था, इस वजह से घर में आना-जाना था। उसकी हरकतों का पता चलने पर उसे आने से मना कर दिया, भाई ने उससे बोलचाल तक बंद कर दी। इसके बाद वह फोन पर धमकी देने लगा।
थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी घर से फरार हो गया है। उसकी तलाश में टीम लगाई है। उसके रिश्तेदारों के यहां भी पुलिस गई, लेकिन वह नहीं मिला। युवती का मेडिकल कराया गया है, मोहल्ले में पुलिस तैनात की है।
'मुझे नौकरी छोड़नी पड़ेगी'
युवती ने कहा कि उसे जान का खतरा है। ऐसे में नौकरी नहीं कर पाएगी। मजबूरी में छोड़नी पड़ेगी। यदि पुलिस उसे नहीं पकड़ पाती है तो वह फिर से हमला कर सकता है।