आगरा: खारे पानी की समस्या ने पति-पत्नी में पैदा कर दी रार, मामला पहुंचा पुलिस के पास
आगरा के परिवार परामर्श केंद्र में रविवार को ऐसा मामला सामने आया, जिसमें खारे पानी की समस्या ने पति-पत्नी में रार पैदा कर दी।
विस्तार
आगरा के कोतवाली इलाके में रहने वाले पति-पत्नी के बीच खारे पानी की समस्या और जर्जर मकान की मरम्मत नहीं कराने पर रार पैदा हो गई। पत्नी मायके आ गई। पुलिस से शिकायत कर दी। मामला परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा। रविवार को काउंसिलिंग के बाद दोनों में समझौता हो गया।
कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी को 15 साल हो चुके हैं। उनके दो बच्चे हैं। उनका तीन मंजिला मकान है। पहली मंजिल पर परिवार रहता है। उनके यहां सबमर्सिबल पंप लगा है, जिसमें खारा पानी आता है। खारे पानी से मकान की दीवार कई जगह से खराब हो रही हैं।
पत्नी ने पति से दीवारों को ठीक कराने के लिए बोला। मगर, उसने अनसुना कर दिया। अब दीवारों में सीलन आ गई है। इससे घर खराब लग रहा है। दो महीने पहले पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। महिला मायके आ गई। पति की पुलिस से शिकायत कर दी। मामला परिवार परामर्श केंद्र में भेजा गया।
पानी से मकान हो गया जर्जर
केंद्र पर रविवार को सुनवाई हुई। महिला का कहना था कि सीलन में रहना मुश्किल है। बच्चे भी बीमार हो रहे हैं। मकान भी जर्जर हो गया है। पति का कहना था कि मकान ठीक कराने के लिए रुपयों की जरूरत है। इसलिए समय लग रहा है। पत्नी इस बात पर ही नाराज है। इस पर काउंसलर ने दोनों को समझाया। छोटी-छोटी बातों पर न झगड़ने की सलाह दी। इस पर पति-पत्नी मान गए। वो साथ चलने के लिए राजी हो गए।
उधर, केंद्र प्रभारी कमर सुल्ताना का कहना था कि 40 मामलों में से 27 में एक पक्ष आए। सात जोड़ों में से दो में समझौता कराकर घेर भेजा गया। पांच को अगली तारीख पर बुलाया है। 15 की फाइल निस्तारित कर दी गई। एक मामले में एफआईआर की संस्तुति की गई है।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।