Agra: प्रेमी ने की हैवानियत की हदें पार, दुष्कर्म के बाद कराया गर्भपात, पीड़िता बोली- आठ साल से झेल रही उत्पीड़न
एसएसपी आगरा से मिली महिला ने बताया कि वह आठ साल से शारीरिक उत्पीड़न झेल रही है। आरोपी दूसरे समुदाय का है। शादी का झांसा देकर उसे बातों में फंसाया गया था।
विस्तार
आगरा के थाना फतेहपुरसीकरी में एक महिला ने दूसरे समुदाय के युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, पुलिस से शिकायत के बाद भी आठ साल से उत्पीड़न करने, पूजा गृह नष्ट करने आदि की शिकायत एसएसपी से की है। शुक्रवार को सीकरी पुलिस ने युवक, उसकी मां समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भरतपुर के डींग की रहने वाली है पीड़िता
भरतपुर के डींग क्षेत्र की महिला ने बताया कि वर्ष 2014 में वह सीकरी के एक गांव में रिश्तेदारी में गई थी। वहां उसकी मुलाकात दरी कारखाने में काम करने वाले गुलशेर से हुई। जब उसने अपने पति के उत्पीड़न की व्यथा गुलशेर को बताई तो उसने शादी का झांसा दिया। जयपुर के एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म किया। वर्ष 2019 तक शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करता रहा। गर्भवती होने पर गर्भपात भी कराया।
गर्भपात कराया
जयपुर में रिपोर्ट दर्ज कराने पर गुलाब उर्फ गुलशेर अपनी मां व अन्य के साथ घर आया। निकाह की बात कर किरावली में कमरा लेकर साथ रहा। गर्भवती होने पर फिर गर्भपात कराया। थाना अछनेरा में रिपोर्ट दर्ज कराने पर गुलशेर एवं उसके परिवार ने शादी करने और बच्चे के पालन का आश्वासन दिया। अछनेरा पुलिस ने गुलशेर के परिवार के सुपुर्द कराया।
उपासना गृह तोड़ा
महिला ने बताया कि इसके बाद उसे दरी चिंदी के गोदाम में रखा गया। वहां उसने उपासना गृह बनाया, जिसे गुलशेर और उसकी मां ने उत्पीड़न करते हुए तोड़ दिया। धर्मपरिवर्तन के लिए दबाव बनाकर धमकाता। इसी बीच 19 नवंबर 2020 को उसने बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद भी उत्पीड़न का सिलसिला जारी रहा। अब एसएसपी के निर्देश पर थाना सीकरी में गुलाब उर्फ गुलशेर, उसकी मां समेत सात लोगों के खिलाफ पूजा घर को नष्ट करने, मारपीट, धमकाने, दुष्कर्म की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।