मैनपुरी: एसपी ऑफिस पर महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिसकर्मियों के छूटे पसीने
बेवर के गांव परौंखा की रहने वाली एक महिला सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंची। जब तक कोई कुछ समझ पाता उसने खुद पर मिट्टी का तेल उड़ेल लिया। यह देख वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोका। सूचना पर पहुंची बेवर पुलिस महिला को साथ ले गई।
विस्तार
एसपी अशोक कुमार राय कार्यालय में फरियादियों की शिकायतें सुन रहे थे। उनसे मिलने पहुंची महिला ने कार्यालय परिसर में खुद के ऊपर मिट्टी का तेल डाल लिया। महिला माचिस जलाती इससे पहले ही वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया।
महिला ने पुलिस पर लगाया आरोप
पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुधा देवी निवासी गांव परौंखा, बेवर बताया। बताया कि 21 फरवरी को उसका पुत्र अभिषेक घर से बाजार जाने की कहकर गया था। इसके कुछ दिन बाद पास के ही एक गांव से किशोरी गायब हो गई। अब पुलिस आए दिन उसे व पुत्री को थाने बुलाकर धमकाती व परेशान करती है।सूचना पर थानाध्यक्ष बेवर सुरेश चंद्र शर्मा भी आ गए। उन्होंने बताया कि महिला का पुत्र किशोरी को अगवा कर ले गया है। आरोपी, उसकी मां, बहन सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। महिला ने साजिश के तहत इस तरह का कृत्य किया है।
एसपी अशोक कुमार राय ने बताया कि महिला का पुत्र एक किशोरी को अगवा कर ले गया है। इस मामले में महिला व अन्य परिजन को नामजद किया गया है। थानाध्यक्ष को मामले में निष्पक्ष तरीके से जांच करके कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।