Agra: एक हजार रुपये उधार लेकर पति से बढ़ाई नजदीकियां, फंसाया प्रेम जाल में, पत्नी के आरोप सुन पुलिस भी हैरान
पत्नी का आरोप है कि एक हजार रुपये पति से उधार लेने के बाद नजदीकियां बढ़ाईं। उसके बाद पति को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। अब पति उसके साथ मारपीट करता है। घर खर्च देना भी बंद कर दिया है।
विस्तार
आगरा में एक युवती की वजह से पति-पत्नी में रार हो गई। पत्नी का आरोप है युवती ने पति को जाल में फंसा लिया। उसके कहने पर पति मारपीट करता है। घर का खर्च नहीं दे रहा है। युवती और उसकी मां तलाक लेने के लिए दबाव बना रही हैं। प्रेमिका के साथ ही रहने लगा है। पीड़िता ने थाना सदर में मुकदमा दर्ज कराया है।
10 साल पहले हुई थी शादी
महिला ने मुकदमे में लिखा कि उसकी शादी को 10 साल हुए हैं। पति रोडवेज में संविदा कर्मी है। उनकी दो बेटियां हैं। एक साल पहले पति की मुलाकात एक युवती से हुई थी। उसने खुद को सेक्टर तीन की रहने वाली बताया। कहा कि पति से विवाद चल रहा है। एक हजार रुपये उधार मांगे। महिला के पति ने रुपये दे दिए। इस दौरान युवती ने उनका मोबाइल नंबर ले लिया।
इसी तरह फंसाती है जाल में
पीड़िता का आरोप है कि युवती इसी तरह युवकों को जाल में फंसाती है। इसके बाद रुपये ऐंठती है। रुपये नहीं देने पर दुष्कर्म और मारपीट के मुकदमे दर्ज करा देती है। मुकदमे के बाद रुपये वसूलती है। इसके बाद फाइनल रिपोर्ट भी लगवा देती है। युवती ने पति से नजदीकियां बढ़ा ली। इसके मोबाइल से उसके और बेटी के फोटो ले लिए। सोशल मीडिया पर फोटो डालकर बदनाम करना शुरू कर दिया। युवती और उसकी मां तलाक लेने के लिए दबाव बना रही है। ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी है।
ये भी पढ़ें - Taj Mahal: टिकट लेने आई विदेशी पर्यटक पर बंदर ने किया हमला, कान में लगी चोट
युवती के दिलाया फ्लैट
15 अक्तूबर को युवती के कहने पर पति ने उसका गला दबाया और मारपीट की। कमरे में बंद करके युवती के पास चला गया। युवती को पति ने फ्लैट भी दिलवा दिया। अब वो उसके पास ही रुक जाता है। घर में खर्च के लिए कुछ नहीं दे रहा है। युवती की वजह से पति ने उत्पीड़न शुरू कर दिया है। उसके पास कोई चारा नहीं है। पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ सदर अर्चना सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है।