Agra: पुराने शहर में दो दिन तक नहीं मिलेगा गंगाजल, 29 नवंबर को पहले ही भरकर रख लें पानी
आगरा में 30 नवंबर और एक दिसंबर को कोतवाली पंपिंग स्टेशन में इंटरकनेक्शन के लिए शटडाउन होगा, जिसके कारण पुराने शहर में पानी की आपूर्ति नहीं होगी।
विस्तार
आगरा के कोतवाली पंपिंग स्टेशन पर 450 मिमी व्यास की पाइप लाइन पर इंटरकनेक्शन का काम किया जाएगा। इससे जीवनी मंडी वाटरवर्क्स से जुड़े पुराने शहर के क्षेत्रों में दो दिन तक गंगाजल नहीं मिलेगा। जलनिगम के मुताबिक कालामहल, मोती कटरा, बेलनगंज, गधापाड़ा, मानपाड़ा, रोशन मोहल्ला, मंटोला, पीपलमंडी, हींग की मंडी, सदर भट्ठी, दरेसी, रावतपाड़ा, बिजलीघर समेत पुराने शहर के क्षेत्रों में 30 नवंबर की सुबह 10 बजे से एक दिसंबर की रात 10 बजे तक जलापूर्ति नहीं होगी।
जलनिगम विश्व बैंक इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर रमेश चंद्र ने बताया कि आगरा पेयजल आपूर्ति योजना फेज-3 के तहत कोतवाली में 1000 किलोलीटर पुराने जीर्ण क्षीर्ण जोनल पम्पिंग स्टेशन के रिप्लेसमेंट के रूप में इसी प्रांगण में समान क्षमता का नया जोनल पंपिंग स्टेशन निर्मित किया जाना है, जिसके लिये 200 किलोलीटर सीडब्ल्यूआर का निर्माण कार्य किया जाना है।
इंटरकनेक्शन कार्य में लगेंगे 36 घंटे
कोतवाली जोनल पंपिंग स्टेशन में कुछ पुरानी लाइनें शिफ़्ट की जाएंगी और उनका मेन रोड पर मुख्य पाइप लाइन से इंटरकनेक्शन किया जाएगा। इस काम में कम से कम 36 घंटे का समय लगेगा, इसलिए 30 नवंबर की सुबह 10 बजे तक जलापूर्ति करके शटडाउन लिया जाएगा, जो एक दिसंबर को रात 10 बजे तक चलेगा। उन्होंने लोगों से 29 नवंबर की जलापूर्ति के दौरान ही पानी का स्टोरेज करके रखने की अपील की है।