साइबर गैंग: एसटीएफ ने इनामी समेत तीन बदमाश पकड़े, हजारों लोगों के क्रेडिट कार्ड का डाटा बरामद
एसटीएफ नोएडा ने बुधवार को इनामी नदीम के अलावा दो अन्य बदमाश सिद्धार्थ देवनाथ निवासी गोविंदपुरी कालकाजी, दिल्ली और पुनीत लाखा निवासी ओल्ड स्लैम क्वार्टर पश्चिमीपुरी, पंजाबी बाग, दिल्ली को गिरफ्तार किया।
विस्तार
लखनऊ, आगरा और आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में 450 लोगों के साथ करीब एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले साइबर गैंग के इनामी समेत तीन बदमाशों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। गैंग से एसटीएफ ने 7182 लोगों का डाटा बरामद किया है। बदमाशों के खिलाफ आगरा के खेरागढ़ थाने में मुकदमा दर्ज था।
एसटीएफ नोएडा ने बुधवार को इनामी नदीम के अलावा दो अन्य बदमाश सिद्धार्थ देवनाथ निवासी गोविंदपुरी कालकाजी, दिल्ली और पुनीत लाखा निवासी ओल्ड स्लैम क्वार्टर पश्चिमीपुरी, पंजाबी बाग, दिल्ली को गिरफ्तार किया। पुलिस ने नदीम को संगम विहार और बाकी दोनों को सूरजपुर थाना क्षेत्र से दबोचा। एसटीएफ की पूछताछ में नदीम ने बताया कि इंटर पास है। वह पूर्व में मोनिका के साथ एक कंपनी में काम कर चुका है। वहां पर उसकी मुलाकात आस मोहम्मद से हुई थी। बाद में नौकरी छोड़कर वह एसबीआई में टीम लीडर बन गया। यहां पर उसकी मुलाकात सुलेमान से हुई थी।
450 लोगों को बनाया शिकार
सुलेमान ग्राहकों के क्रेडिट कार्ड का डाटा निकालकर नदीम और मोनिका को बेचता था। कुछ समय बाद नदीम ने नौकरी छोड़कर अपना काम करने लगा। इसी दौरान उसे एक बैंक के क्रेडिट कार्ड ग्राहकों का डाटा एकत्रित करने का काम मिला। इस काम के दौरान ही पुनीत लाखा और सिद्धार्थ उसके संपर्क में आए। वे दोनों ग्राहकों के क्रेडिट कार्ड डाटा उसे देने लगे। वह यह डाटा गिरोह को सौंप देता था। एसटीएफ ने नदीम से 7182 लोगों के क्रेडिट कार्ड का डाटा बरामद किया है। गिरोह इनमें से 450 लोगों को अपना शिकार बनाकर करीब एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर चुका है।
सरगना को छह महीने पहले जेल भेज चुकी है एसटीएफ
खेरागढ़ थाने में गजेंद्र निवासी भिलावली ने इस साल जनवरी में मुकदमा दर्ज कराया था। गजेंद्र के अनुसार उनके खाते से किसी ने 25 हजार रुपये निकाल लिए हैं। इसके बाद एसटीएएफ ने 26 जनवरी को साइबर गैंग का पर्दाफाश किया था। गिरेाह लोगों के खातों से करोड़ों रुपये धोखाधड़ी करके निकाल चुका था।
सरगना सौरव भारद्वाज समेत तीन बदमाशों को जेल भेजा गया था। उनसे मिली जानकारी के बाद 26 फरवरी को एसटीएफ ने गिरोह को लोगों के क्रेडिट कार्ड का डाटा बेचने वाले इनामी शिल्पी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ में क्रेडिट कार्ड का डाटा बेचने वाले नदीम अहमद निवासी गली नंबर तीन संगम विहार,वजीराबाद दिल्ली का नाम सामने आया था। वांछित नदीम पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
साइबर गैंग के पांच बदमाशों को पूर्व में गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। जबकि 20 हजार रुपये के इनामी नदीम समेत तीन बदमाशों को एसटीएफ ने बुधवार को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। - राजकुमार मिश्रा, एएसपी एसटीएफ नोएडा
आगरा: तीन दिन बंद रहेगा ताज, सैलानी नहीं देख सकेंगे स्मारक, सप्ताहांत में यहां आने का प्लान बना रहे हैं तो पढ़िए ये खबर