कोरोना को लेकर सिपाही ने किया अजीबोगरीब दावा, एसएसपी ने किया लाइन हाजिर
- दैवीय शक्ति से कोरोना वायरस को खत्म करने का दावा करने वाले थाना गोविंद नगर के सिपाही को एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है।
विस्तार
पूरा देश असाध्य महामारी कोरोना वायरस से लड़ रहा है। बड़े-बड़े वैज्ञानिक इस वायरस का इलाज ढूढ़ने में जुटे हैं। इन सबके बीच उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही ने कोरोना के इलाज लेकर अजीबोगरीब दावा किया। इसका वीडियो वायरल हुआ, तो पुलिस महकमे में खलबली मच गई। इसके बाद सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया।
मामला मथुरा जिले का है। यहां दैवीय शक्ति से कोरोना वायरस को खत्म करने का दावा करने वाले थाना गोविंद नगर के सिपाही को एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। सिपाही ने सपने के आधार पर देसी गाय के माध्यम से कोरोना खत्म करने का दावा किया था। इस संबंध में सिपाही का वीडियो वायरल हुआ था।
वीडियो जारी कर किया था दावा
थाना गोविंद नगर में तैनात सिपाही रामसेवक यादव ने अपने वीडियो में दावा किया था कि वो दो दिन में कोरोना खत्म कर देगा। उसने कहा है कि उसे सपने में ठाकुर जी ने दर्शन दिए और कहा है कि एक देसी गाय भोलेनाथ के मंदिर में ले जाओ, जितने कोरोना के मरीज हैं सभी ठीक हो जाएंगे।
सिपाही ने वायरल वीडियो में बार-बार दावा किया कि यदि प्रशासन उसे अनुमति दे तो वो कोरोना संक्रमण के मरीजों को ठीक कर सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी गौरव ग्रोवर ने सिपाही राम सेवक यादव को लाइन हाजिर कर दिया है।
कोरोना से संबंधित खबरें:
-
शर्मनाक: कोरोना के शक में रोडवेज बस चालक ने बीमार युवती को बीच रास्ते में उतारा, मौत
-
मथुरा में तेजी से फैल रहा कोरोना संक्रमण, चिंताजनक है जून के 15 दिनों का आंकड़ा