पंचायत उपचुनाव: आगरा मंडल में ग्राम पंचायतों के रिक्त पदों के लिए हुआ मतदान, 14 जून को आएगा परिणाम
आगरा समेत मंडल के सभी जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के लिए शनिवार को मतदान हुआ। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में तीन प्रधान, एक क्षेत्र पंचायत सदस्य और 157 ग्राम पंचायत सदस्य समेत कुल 160 रिक्त पदों के लिए शनिवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। जिले में 78 मतदान केंद्रों के 125 बूथों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ। सभी बूथों पर शाम छह बजे तक वोट डाले गए।
खंदौली ब्लॉक की कुबेरपुर, जैतपुर कला की मढ़ेरा और बिचपुरी की बरारा ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए मतदान हुआ। यहां निर्वतमान प्रधानों की मृत्यु से पद रिक्त हुए हैं। एत्मादपुर ब्लॉक की एक क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए भी वोट डाले गए। बाकी ब्लॉक में ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए मतदान हुआ।
मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां शुक्रवार को मतदान केंद्रों पर पहुंच गई थीं। इनके लिए ब्लॉक स्तर पर स्ट्रांग रूम बनाए गए। ब्लॉक पर ही मतपेटियां जमा हुईं। 14 जून को सुबह आठ बजे से ब्लॉक स्तर पर ही मतगणना की जाएगी।
मथुरा जिले के 132 बूथों पर मतदान
मथुरा जिले के 132 बूथों पर मतदान हुआ। इसके लिए 528 मतदानकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। बता दें कि निर्वाचन के लिए चयनित की गईं 220 ग्राम पंचायतों में 2233 ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर निर्वाचन के लिए कुल 2163 पदों पर उपचुनाव हुआ है। मथुरा ब्लॉक को छोड़कर सभी ब्लॉक में मतदान कराया गया। मथुरा ब्लॉक में सभी पदों पर मात्र एक-एक ही नामांकन आने के कारण कोई चुनाव नहीं हुआ।
मैनपुरी जिले में कुल 194 पदों पर मतदान हुआ है। इसमें मैनपुरी, किशनी, घिरोर, कुरावली, जागीर और करहल ब्लॉक शामिल हैं। इन ब्लॉकों में कुल 191 ग्राम पंचायत सदस्य, दो ग्राम प्रधान और एक क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए लोग वोट डाले गए। ग्राम प्रधान के लिए कुरावली के गांव नगला ऊसर और घिरोर के गांव नसीरपुर में मतदान हुआ।
फिरोजाबाद जिले में 94 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए चार ब्लॉकों के 44 बूथों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान हुआ। शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराने के लिए चार जोन एवं 12 सेक्टरों में बांटते हुए पर्याप्त मात्रा में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई। एसडीएम जोनल मजिस्ट्रेट तो तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई। एटा जिले में दो ग्राम प्रधान, 10 ग्राम पंचायत सदस्य व एक बीडीसी सदस्य पद के लिए वोट डाले गए।