तीन दिन के लिए आगरा आ रही हैं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, किसान संगठनों से करेंगी संवाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आज आगरा आएंगी। उनका तीन दिन यहां रुकने का कार्यक्रम है। बीच में एक दिन फिरोजाबाद जाएंगी। राज्यपाल आगरा में किसान संगठनों एवं महिला एनजीओ से संवाद करेंगी। टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा भी करेंगी।
जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने बताया कि राज्यपाल अलीगढ़ से कार द्वारा बुधवार शाम पांच बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगी। गुरुवार सुबह नौ बजे फिरोजाबाद के लिए रवाना होंगी। शाम चार बजे सर्किट हाउस लौटेंगी।
शुक्रवार को आगरा में यूपीएसआईडीसी स्थित स्टोन मेन हैंडीक्राफ्ट इंडस्ट्री का भ्रमण करने जाएंगी। यहां से लौट कर दोपहर दो बजे कृषक उत्पादक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक होगी। महिला स्वयं सहायता समूहों से भी राज्यपाल संवाद करेंगी। तीन बजे से फिर टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की बैठक होगी। इसमें छोटी उम्र में टीबी को लेकर राज्यपाल समीक्षा करेंगी।
राजभवन के अफसर भी साथ रहेंगे
इन तीनों दिनों के दौरान राजभवन का प्रशासनिक अमला और महत्वपूर्ण अधिकारी भी राज्यपाल के साथ आगरा में मौजूद रहेंगे। 15 जनवरी को शाम 6 बजे राजकीय वायुयान से राज्यपाल लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगी।
14 जनवरी को फिरोजाबाद जाएंगी राज्यपाल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 14 जनवरी को फिरोजाबाद का दौरा करेंगी। इस दौरान वह जिले में करीब पांच घंटे 10 मिनट तक रहेंगी। राज्यपाल ओडीओपी योजना के तहत आच्छदित एक इकाई का अवलोकन करने के साथ टीबी संक्रमित बच्चों के उपचार के लिए चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगी। प्रगतिशील किसानों से रूबरू होंगी।
राज्यपाल 14 जनवरी को सुबह 9:50 पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट पर पहुंचेंगी। 10 बजे से लेकर करीब एक बजे के बीच औद्योगिक आस्थान नगला भाऊ में एक जिला-एक उत्पाद योजना के माध्यम से संचालित कांच इकाई प्रगति ग्लास इंडस्ट्रीज का भ्रमण करेंगी। दो बजे प्रगतिशील किसानों व किसान उत्पादक संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगी।
जनपद भ्रमण के अंतिम चरण में राज्यपाल जिले में टीबी संक्रमित बच्चों के उपचार और बचाव के लिए संचालित स्वास्थ्य विभाग की कार्ययोजना की समीक्षा करेंगी। करीब एक घंटे विश्राम के के बाद करीब चार बजे राज्यपाल कार द्वारा आगरा की प्रस्थान करेंगी। जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने सेक्टर मजिस्ट्रेट व प्रभारी अधिकारियों के दायित्व निर्धारित किए हैं।