सपा प्रमुख करेंगे समीक्षा: अखिलेश यादव ने लखनऊ बुलाए आगरा के नौ विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्ष
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में कोई कसर न रह जाए इसके लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव खुद समीक्षा कर रहे हैं। 11 दिसंबर को बूथ व सेक्टर कमेटियों की समीक्षा होगी। इसमें आगरा के सभी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष शामिल होंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने 11 दिसंबर को आगरा के नौ विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों को लखनऊ में तलब किया है। लखनऊ में अध्यक्षों के कामकाज, बूथ व सेक्टर कमेटियों की समीक्षा होगी। अच्छा काम करने वालों को राष्ट्रीय अध्यक्ष सम्मानित कर सकते हैं। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय पर सभी 403 विधानसभा सीटों के अध्यक्षों को बुलाया गया है।
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में कोई कसर न रह जाए इसके लिए अखिलेश यादव स्वयं समीक्षा कर रहे हैं। सपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन शर्मा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम से प्राप्त हुए निर्देशों के बाद देहात के छह और शहर के तीन विधानसभा क्षेत्रों के अध्यक्षों को 11 दिसंबर को पूरी तैयारी के साथ लखनऊ बुलाया गया है।
वहां विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करेंगे। एक-एक सीट के समीकरणों पर बैठक में चर्चा हो सकती है। बूथ, सेक्टर कमेटियों की समीक्षा होगी। किस क्षेत्र में कितने वोट बढ़े, इस बारे में भी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों से पूछा जाएगा।
गठबंधन से जाटलैंड में उत्साह
मंगलवार को मेरठ में सपा और रालोद के गठबंधन का औपचारिक एलान हो गया। जिले में फतेहपुर सीकरी, ग्रामीण और खेरागढ़ पर रालोद दावा कर सकती है। एत्मादपुर, फतेहाबाद और बाह में सपा का दावा है। शहर की तीन सीटों पर गठबंधन नहीं होने से सपा प्रत्याशी ही चुनाव लड़ सकते हैं।
फतेहाबाद में टिकट के 16 दावेदार
सपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन शर्मा ने बताया कि चुनाव में टिकट के लिए फतेहाबाद में सबसे ज्यादा 16 आवेदन आए हैं। बाह में आठ, एत्मादपुर में एक, आगरा उत्तर पर 12, दक्षिण में 15 और छावनी में 10 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
सपा के शहर अध्यक्ष चौ. वाजिद निसार ने बताया कि आवेदन के साथ 40 हजार रुपये शुल्क पार्टी फंड में जमा हो रहा है। जिसमें 20 हजार रुपये आजीवन पार्टी सदस्यता शुल्क और 20 हजार रुपये समाजवादी बुलेटिन पत्रिका का आजीवन शुल्क है।