यूपी बोर्ड: आगरा जिले में 12,346 परीक्षार्थियों ने छोड़ी हिंदी की परीक्षा, कई शिक्षक ड्यूटी पर नहीं पहुंचे
आगरा जिले में हाईस्कूल के 7599 और इंटरमीडिएट के 4747 परीक्षार्थी अनिवार्य विषय हिंदी की परीक्षा में अनुपस्थित रहे। पहले दिन कई शिक्षक भी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे, जिससे कक्ष निरीक्षकों का टोटा रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा जिले में यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 12,346 परीक्षार्थियों ने अनिवार्य विषय हिंदी की परीक्षा छोड़ दी। हाईस्कूल में 7599 और इंटरमीडिएट में 4747 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। इंटरमीडिएट के सैन्य विज्ञान में महज एक परीक्षार्थी पंजीकृत था, वह भी अनुपस्थित रहा। पहले दिन की परीक्षा में कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।
पहली पाली में हाईस्कूल की हिंदी विषय की परीक्षा में 65,266 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, 57,667 परीक्षा में शामिल हुए। पहली पाली में ही सैन्य विज्ञान विषय की भी परीक्षा थी। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी विषय की परीक्षा हुई।
जिले में कुल 51,335 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, इसमें से परीक्षा में 46,588 परीक्षार्थी शामिल हुए। माध्यमिक शिक्षा विभाग के जिले स्तर पर चार उड़नदस्तों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। मंडल स्तर पर तीन उड़नदस्ते निरीक्षण के लिए निकले। मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल ने बताया कि पूरे मंडल में परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
परिषदीय स्कूलों के शिक्षक ड्यूटी देने नहीं पहुंचे
पहले दिन की परीक्षा में केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों का टोटा रहा। परिषदीय स्कूलों के बड़ी संख्या में शिक्षक ड्यूटी देने के लिए केंद्रों पर नहीं पहुंचे। डीआईओएस कार्यालय में स्थापित कंट्रोल में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार करीब 150 कक्ष निरीक्षकों की कमी केंद्रों पर रही। जबकि अधिकतर विद्यालयों ने बाहरी कक्ष निरीक्षक न आने से अपने यहां के शिक्षकों को दूसरे विद्यालयों में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी देने के लिए रिलीव नहीं किया।
आरबीएस इंटर कॉलेज में 23 परिषदीय शिक्षकों की ड्यूटी थी, महज चार पहुंचे। श्री रत्नमुनि जैन इंटर कॉलेज में 32 बाहरी शिक्षकों की ड्यूटी थी, महज 12 पहुंचे। चाहरवाटी इंटर कॉलेज में 10 बाहरी कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी थी, तीन पहुंचे। जीडी इंटर कॉलेज, खेरागढ़ में 23 बाहरी कक्ष निरीक्षकों में से पांच पहुंचे। श्री नारायणी गर्ल्स इंटर कॉलेज में 23 बाहर शिक्षकों की ड्यूटी थी, महज आठ ने उपस्थिति दर्ज कराई।
परिषदीय स्कूलों के साथ माध्यमिक विद्यालयों के भी सभी शिक्षक कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी नहीं देने पहुंचे। जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार का कहना है कि परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों को रिलीव करने के लिए बीएसए से बात की गई है। माध्यमिक शिक्षकों को रिलीव करने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी परीक्षा केंद्र कंट्रोल रूम से नहीं जुड़े सके
पहली पाली की परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से कंट्रोल रूम से नहीं जुड़ सके। केंद्रों ने आईपी एड्रेस व पासवर्ड भी परिवर्तित कर दिए, उससे भी परेशानी हुई। बिजली न होने से सुबह विक्टोरिया इंटर कॉलेज कंट्रोल रूम से पहली पाली की परीक्षा के दौरान नहीं जुड़ा। अहमदिया हनीफिया इंटर कॉलेज पहले जुड़ा था फिर संपर्क टूट गया।
परीक्षा समाप्त होने के दस मिनट पहले केंद्र को फोन किया गया तो परिवर्तित पासवर्ड दिया गया, इसके बाद केंद्र दिखने लगा। साकेत विद्यापीठ इंटर कॉलेज भी पहली पाली में तकनीकी कारणों से कंट्रोल रूम से नहीं जुड़ा। श्री भोलानाथ सर्राफ इंटर कॉलेज, जगनेर को भी नहीं दिख रहा था। ठाकुर तेज सिंह इंटर कॉलेज, ककरारी का पासवर्ड इनवैलिड दिखा रहा था। केंद्रों को फोन किया गया, शाम की पाली में स्थिति बेहतर थी।
दूसरी पाली के पूरक प्रश्नपत्र सुबह पहुंचे
बृहस्पतिवार को दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी विषय की परीक्षा थी, जिन परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत कम पहुंचे थे, उन्होंने पूरक प्रश्नपत्र की मांग की थी। पूरक प्रश्नपत्र बोर्ड ने बृहस्पतिवार की सुबह राजकीय इंटर कॉलेज, शाहगंज में उपलब्ध कराए। परीक्षा शुरू होने से कुछ देर पहले ही प्रश्नपत्र केंद्रों पर पहुंचे।