International Yoga Day: फतेहपुर सीकरी पहुंचे केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, पंचमहल में पांच हजार लोगों संग करेंगे योग
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि यह सेहत विज्ञान भी है। अच्छी सेहत इंसान की सबसे बड़ी दौलत है।
विस्तार
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को फतेहपुर सीकरी स्थित हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह में चादरपोशी की। मुल्क के लोगों की सेहत और सलामती की दुआ मांगी। उन्होंने कहा कि योग पूरी दुनिया के लिए परफेक्ट हेल्थ हैम्पर है। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर फतेहपुर सीकरी स्मारक के पंचमहल परिसर में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी पांच हजार लोगों के साथ योग करेंगे। कार्यक्रम में जिले के सांसद और विधायक भी शामिल होंगे।
'योग केवल व्यायाम नहीं, सेहत का विज्ञान भी'
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर फतेहपुर सीकरी पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने कहा कि योग अच्छी सेहत के खजाने की गोल्डन चाबी है। अच्छी सेहत ही इंसान की सबसे बड़ी दौलत है। योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि यह सेहत विज्ञान भी है। योग मस्तिष्क शरीर के बीच एकता कायम करता है। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व जोश जुनून के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है।
पंचमहल स्मारक का किया निरीक्षण
केंद्रीय मंत्री ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ योग स्थल पंचमहल स्मारक का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इससे पहले सज्जादानशीं रईस मियां चिश्ती एवं पीरजादा अरशद फरीदी ने चादरपोशी कराई। केंद्रीय मंत्री के आगमन से पहले जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह फतेहपुर सीकरी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। फतेहपुर सीकरी के अलावा आगरा शहर में भी जगह-जगह योग के कार्यक्रम होंगे।
घर की छतों पर परिवार के साथ करेंगे योग
आगरा में योग दिवस को लेकर लोगों में काफी जोश है। शहर के तमाम परिवारों ने घर की छत पर एक साथ योग करने का फैसला लिया है। मोहल्लों और कालोनियों के पार्कों में भी लोग योग करेंगे। पार्श्वनाथ पंचवटी, कमला नगर की एक दर्जन से ज्यादा कालोनी, खंदारी, सिकंदरा, सदर, ट्रांस यमुना, रामबाग, नुनिहाई, आवास विकास कालोनी, विजय नगर आदि सैकड़ों कालोनियों में आज लोग योग करेंगे। इसके लिए भी विभिन्न संस्थाओं की ओर से योगाचार्य दिए गए हैं। शहर में लगभग 300 स्थानों पर छोटे-छोटे योग कार्यक्रम होंगे।