Mainpuri: जिला अस्पताल में खून की उल्टी के बाद दो मरीजों की मौत, गंभीर हालत में कराया गया था भर्ती
पिछले कुछ दिनों से जिले में पेट दर्द और उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ी है। रविवार को जिला अस्पताल में दो मरीजों को खून की उल्टी हुई। इसके बाद दोनों की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी में पेट दर्द के साथ लोग रहस्यमय बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। रविवार की रात जिला अस्पताल में भर्ती पेट दर्द से पीड़ित दो मरीजों की खून की उल्टी होने के बाद मौत हो गई। मरीजों को बीमारी क्या थी, जांच न हो पाने के कारण इसका पता नहीं चल सका है।
पिछले कुछ दिनों से जिले में पेट दर्द और उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या बढ़़ी है। शनिवार को बेवर थाना क्षेत्र के गांव खांकेताल निवासी 62 वर्षीय भगवान सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां रविवार की रात उपचार के दौरान भगवान सिंह की खून की उल्टी हुई और उसकी मौत हो गई।
मेरापुर के दयाराम की भी हुई मौत
मेरापुर निवासी 45 वर्षीय दयाराम को पेट दर्द होने पर रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार की सुबह अचानक उन्हें खून की उल्टी हुई। डॉक्टर कुछ समझ पाते इससे पहले उसकी मौत हो गई।
दोनों ही मरीजों की जांच नहीं हो सकी थी इसलिए मौत का असली कारण पता नहीं चल सका। वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. जेजे राम का कहना था कि दोनों मरीजों को गंभीर हालत में लाया गया था। पेटदर्द की दिक्कत थी अचानक उल्टी हुई है। जांच के बिना कुछ भी कहना उचित नहीं है।
ओपीडी में रही भीड़
जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल की ओपीडी में 1102 मरीज पहुंचे। इनमें 563 महिलाएं और 539 पुरुष शामिल थे। ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों में बुखार के मरीजों की संख्या अधिक थी।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. मदनलाल ने बताया कि दो मरीजों की मौत हुई है उनकी जांच नहीं हो पाई थी। परिजन पेटदर्द की बात कह रहे थे। मरीजों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था।