फतेहाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को चालक को नींद की झपकी आने से ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में चालक और परिचालक बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची फतेहाबाद पुलिस और यूपीडा की टीम ने हाइड्रा की मदद से ट्रेलर को डिवाइडर से हटाया।
पुलिस के मुताबिक ट्रेलर चालक शिव सिंह पुत्र करणी सिंह निवासी ग्राम खेतोलाई, थाना हंदा, जिला बीकानेर, राजस्थान गुजरात से टाइल्स लेकर रांची, बिहार जा रहा था। उसके साथ परिचालक बाघ सिंह पुत्र गणेश सिंह निवासी करडू, थाना राजिया, जिला गंगानगर, राजस्थान था।जैसे ही थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 17.800 पर पहुंचते ही चालक को नींद की झपकी आ गई। इससे ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। हादसे में चालक और परिचालक को कोई चोट नहीं आई। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी प्रथम राधा मोहन द्विवेदी ने बताया कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रेलर डिवाइडर पर चढ़ गया था। चालक और परिचालक दोनों सुरक्षित हैं।