आगरा में कोरोना: संक्रमण बढ़ने का डर, 27 मार्च तक चलेगा विशेष जांच अभियान
- महाराष्ट्र की यात्रा करने वालों की होगी स्क्रीनिंग
- यात्रा करने वाले लोगों को स्वास्थ्य विभाग को देनी होगी सूचना
- महाराष्ट्र में संक्रमण बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग की पहल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में भले ही कोरोना संक्रमण में कमी आई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने मार्च में संक्रमण बढ़ने की आशंका जताई है। ऐसे में टारगेट सैंपलिंग शुरू कर दी गई है। वहीं महाराष्ट्र में बढ़ते संक्रमण को देख आगरा में अलर्ट कर दिया है। महाराष्ट्र की यात्रा करने वालों की स्क्रीनिंग और नमूने लिए जाएंगे। यात्रा करने वालों को स्वास्थ्य विभाग में सूचना देनी होगी।
शनिवार को निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और ठेकेदारों का नमूना लेकर जांच कराई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि एंटीजन और आरटीपीसीआर दोनों तरह की जांच की जाएंगी। संक्रमित मिलने पर संपर्क में आए लोगों की भी जांच की जाएगी। 27 मार्च तक अभियान चलेगा।
14 मार्च: सब्जी-फल विक्रेता
15-16मार्च: स्कूल-कॉलेज में छात्र, स्टाफ
17 मार्च: दूसरे शहरों की यात्रा या नौकरी कर अप-डाउन करने वाले लोग
18 मार्च: खाने-पीने की स्टॉल लगाने वाले, पान विक्रेता
19 मार्च: मिष्ठान भंडार, डेयरी स्टाफ
20 मार्च: ऑटो-रिक्शा चालक
21 मार्च: रोडवेज, निजी बस स्टाफ
22 मार्च: रंग-पिचकारी बेचने वाले
23 मार्च: रेस्टोरेंट-होटल स्टाफ
24 मार्च: मॉल स्टाफ, बाजार
25 मार्च: होली की सामग्री बेचने वाले
26 मार्च: बाहर से आने वाले लोग
27 मार्च: शराब-ठंडाई विक्रेता
महाराष्ट्र से आने वालों की होगी जांच
सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि महाराष्ट्र में संक्रमण की दूसरी लहर तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में वहां की यात्रा करके आने वाले लोगों से संक्रमण फैलने की आशंका है। इन लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग, पल्स ऑक्सीमेट्री की जाएगी। चिकित्सकों की टीम इनकी स्क्रीनिंग कर रिपोर्ट बनाएगी।
अभी महाराष्ट्र की हवाई यात्रा करने वालों की ही जानकारी मिल रही है। अब से बस-ट्रेन से यात्रा करने वालों को भी इसकी जानकारी देनी होगी। ऐसे लोग निगरानी में रहेंगे, किसी भी लक्षण के आने पर इनके नमूनों की जांच कराई जाएगी।
आगरा में कोरोना वायरस संक्रमण के तीन मामले शनिवार को सामने आए। ये तीनों होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं। ये तीन मरीज गंगेगौरी बाग बल्केश्वर, राजपुर चुंगी और नार्थ विजय नगर कॉलोनी के रहने वाले हैं। एक मरीज महिला है, जिनकी उम्र 62 साल है।
प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 5.86 लाख लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। इनमें 10555 संक्रमित मिले। कुल संक्रमितों में से 10364 मरीज ठीक हो गए हैं। एक साल में 175 की मौत हो गई है। अभी 16 मरीजों का इलाज चल रहा है।