आगरा में मुठभेड़: चोरी और लूटपाट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र में सिरौली गांव के पास शनिवार रात को पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। एक बदमाश मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि दो बदमाशों को पुलिस ने पीछा करके पकड़ा। इनमें से एक के पैर में गोली भी लग गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश लूट और चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। उनसे पांच घटनाओं का खुलासा हुआ है।
एसपी ग्रामीण सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि शनिवार रात को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश चोरी और लूट के इरादे से सिरौली गांव के पास बने श्मशान में बैठकर अपने और अन्य साथियों का इंतजार कर रहे हैं। इस पर सीओ अछनेरा महेश कुमार और थाना मलपुरा प्रभारी कुलदीप दीक्षित ने पुलिस टीम के साथ दबिश दी।
दो बदमाशों को पीछा करके पकड़ा
एक बदमाश पकड़ा गया, जबकि दो भागने में सफल रहे। पुलिस ने पीछा करते हुए रोहता पुल के नीचे छिपे हुए दो बदमाश को घेरने की कोशिश की, लेकिन वो भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया। एक बदमाश ने पुलिस पर फायर कर दिया। इस पर पुलिस ने जवाब में फायरिंग की। उसके पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पकड़े गए आरोपियों में मध्य प्रदेश के मुरैना निवासी मजनू उर्फ मनोज केवट पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि मुरैना निवासी उत्तम और मलपुरा के नगला माकरोल निवासी धीरज हैं।
आरोपियों के पास से चोरी के तार, ट्रांसफार्मर और लूट की पांच घटनाओं का माल बरामद हुआ है। दो अदद तमंचे और कारतूस मिले हैं। पुलिस गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ कर रही है। मजनू और उत्तम पर 15-15 हजार का इनाम भी घोषित था।