आगरा में 60 लाख की चोरी: चोरों ने व्यवसायी की कोठी को बनाया निशाना, सीसीटीवी फुटेज में कैद
सीसीटीवी कैमरे में व्यवसायी के घर से पांच चोर निकलते नजर आ रहे हैं। हालांकि उनके चेहरे साफ दिखाई नहीं दे रहे हैं। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित लता कुंज कॉलोनी में बुधवार रात को व्यवसायी अनुज कंसल की कोठी से चोरों ने 60 लाख के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना का पता परिवार के लोगों को गुरुवार तड़के जागने पर चला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज में चोर नजर आए हैं।
लता कुंज कॉलोनी निवासी अनुज कंसल प्रॉपर्टी का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार रात को पत्नी अनीता और बेटा सहित वो एक ही कमरे में सो रहे थे। बेटा रोजाना तड़के चार बजे तक पढ़ता है। मगर, इस रात वह दो बजे ही सो गया। ढाई बजे उन्हें बगल के कमरे से कुछ आहट सुनाई दी। उन्होंने समझा कि पड़ोस में चल रहे एक कार्यक्रम में से आवाज आ रही होगी। इस कारण वह नहीं उठे।
गुरुवार तड़के तकरीबन पांच बजे अनीता उठी और दूसरे कमरे में गईं तो सामान बिखरा था। दो अलमारी खुली थी। अलमारियों को तोड़ा गया था। इस पर पुलिस को सूचना दी। कोठी के एक कमरे में जंगले की सरिया टूटी हुई थी।
फोरेंसिक टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए। कॉलोनी में एक जगह लगे सीसीटीवी कैमरे में अनुज कंसल के घर से पांच चोर निकलते नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे साफ नहीं हैं। थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि चोरों की धरपकड़ के लिए टीम को लगाया है।
यह सामान हुआ चोरी
अनुज कंसल ने बताया कि चोर सवा लाख रुपये, हीरे और सोने के नौ सेट, अंगूठी, चांदी के जेवरात सहित अन्य कीमती सामान चोरी करके ले गए। सामान की कीमत तकरीबन 50-60 लाख रुपये है।
पहले भी कॉलोनी में हो चुकी है वारदात
अनुज कंसल ने बताया कि कॉलोनी में गेट लगा है। गार्ड भी रहता है। वर्ष 2013 में भी कॉलोनी में बदमाश एक कोठी में घुसे थे। वृद्ध दंपती को बंधक बनाया था। इस घटना का खुलासा नहीं हो सका था। मगर, उनके कमरे में बदमाश नहीं घुसे। किसी तरह का हमला भी नहीं किया।
आशंका है कि वारदात में कोई जानकार का हाथ हो सकता है। क्योंकि वह उसी कमरे में घुसे जिसमें कैश और जेवरात रखे हुए थे। कॉलोनी के पास से रेलवे लाइन जा रही है। यहां से रास्ता बना हुआ है। बारिश के कारण कॉलोनी की बाहरी दीवार टूट गई थी। इसके अलावा घर के पास ही एक प्लाट है। यहां से भी चोर दीवार फांदकर आ सकते हैं।