फिरोजाबाद। प्रदेश की अन्य जेलों में पिछले दिनों हुई घटनाओं को संज्ञान में लेते हुए शासन ने प्रमुख बंदियों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में फिरोजाबाद जिला कारागार में निरुद्ध फिरोजाबाद सदर के पूर्व विधायक अजीम भाई, उनके दो साथियों के साथ ही मेरठ, गाजीपुर के ही साथ आगरा सेंट्रल जेल से भेजे गए दो बंदियों को हाई सिक्योरिटी के बीच रखा है। इनकी निगरानी जेल प्रशासन के द्वारा लगातार की जा रही है। इनसे मिलने के लिए आने के दौरान सघन चेकिंग के बाद ही अनुमति दी जा रही है।
प्रदेश सरकार ने पिछले दिनों जेल में हुई हत्या के साथ-साथ मौत पर बवाल को ध्यान में रखते हुए जेल की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। इसके साथ प्रमुख बंदियों को जेल में हाई सिक्योरिटी के बीच रखा जा रहा है। इन बंदियों से मिलने के लिए आने वाले लोगों की सघन चेकिंग के साथ निगरानी की जाती है ताकि जेल के अंदर कोई घटना नहीं होने पाए। मंगलवार को डीएम चंद्र विजय सिंह, एसएसपी अशोक कुमार शुक्ला ने जेल के निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक अनिल कुमार राय को निर्देश दिए थे। जेल प्रशासन की मानें तो फिरोजाबाद जिला कारागार में पूर्व विधायक अजीम भाई, उनके दो साथियों के साथ ही मेरठ जेल से स्थानांतरित होकर आए फईक अहमद, गाजीपुर जेल से आए रणधीर उर्फ विरादर, आगरा के सेंट्रल जेल से फिरोजाबाद जिला कारागार में भेजे गए सुधीर कुमार एवं अतुल शर्मा को हाई सिक्योरिटी में रखा है। जेल अधीक्षक अनिल कुमार राय ने कहा कि कुछ बंदियों को विशेष सुरक्षा में रखा गया है।