{"_id":"5c153b7cbdec2253f44a90a5","slug":"tension-in-two-community-in-kasganj-after-beating-a-young-man","type":"story","status":"publish","title_hn":"युवक की पिटाई के बाद भड़का आक्रोश, पुलिस की तत्परता से शहर की फिजां खराब होने से बची","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
युवक की पिटाई के बाद भड़का आक्रोश, पुलिस की तत्परता से शहर की फिजां खराब होने से बची
Sat, 15 Dec 2018 11:05 PM IST
vivek shukla
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कासगंज
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कासगंज
Published by: vivek shukla
Updated Sat, 15 Dec 2018 11:05 PM IST
विज्ञापन
कासगंज में तनाव
- फोटो : अमर उजाला
शहर के गंदा नाला क्षेत्र में समुदाय विशेष के युवकों द्वारा एक युवक की पिटाई के बाद देर रात आक्रोश भड़क गया। दो समुदाय आमने-सामने आ गए। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते मामला शांत हो गया। मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। देर रात सतर्कता की दृष्टि से क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
विज्ञापन
नदरई गेट निवासी राहुल अपने साथियों के साथ शनिवार रात किसी काम से शहर के गंदा नाला क्षेत्र में गया था। यहां किसी बात को लेकर राहुल का क्षेत्र के ही संप्रदाय विशेष के युवकों से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद संप्रदाय विशेष पक्ष के युवकों ने राहुल के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद मामला भड़क गया। घटना की जानकारी पर राहुल पक्ष के लोग भी आ गए।
विज्ञापन
दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट के दौरान क्षेत्र में अराजकता का माहौल फैल गया। फल विक्रेताओं की ठेलों को पलट दिया गया। मामला दो समुदायों के बीच का होने के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। कारोबारियों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। इधर, दो समुदायों आमने-सामने आने की सूचना पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर थाना पुलिस के साथ ही सर्किल के थाने और पीएसी को भी बुला लिया गया।
विज्ञापन
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। मामले में दोनों ओर से तहरीर नहीं दी गई है। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सीओ गवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कर दिया गया है। सर्किल की पुलिस और पीएसी को बुलाया गया था लेकिन मामला शांत हो जाने के बाद उन्हें लौटा दिया गया। एहतियातन गंदा नाला क्षेत्र में पुलिस तैनात कर दी गई है।