कासगंज: 10 वर्षीय बालक के अपहरण से सनसनी, बदमाशों ने मांगी 40 लाख रुपये फिरौती
- बच्चे की तलाश में पुलिस ने कटरी में छानी खाक, नहीं लगा सुराग
- एसपी, एएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीमें कर रही बरामदगी का प्रयास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक बच्चे का अपहरण कर लिया गया। बदमाशों ने उसके परिजनों से 40 लाख रुपये फिरौती मांगी है। अपहरण की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी, एएसपी ने गांव में पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली है। इसके बाद अधिकारियों ने पुलिस टीम के साथ कटरी में कॉम्बिंग भी की है।
घटना सोमवार सुबह नौ बजे की बताई गई है। गांव पिथनपुर निवासी किशनवीर का 10 वर्षीय पुत्र लोकेश सोलंकी खेत पर गया था। जब वह दोपहर तक वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन शाम तक उसे तलाशते रहे, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। सोमवार रात पुलिस को बच्चा लापता होने की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई।
मंगलवार को आई फिरौती की कॉल
मंगलवार दोपहर को लापता बच्चे के तहेरे भाई (ताऊ का लड़का) के मोबाइल पर फिरौती की कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि लोकेश का अपहरण कर लिया है, 40 लाख रुपये चाहिए। फिरौती की कॉल के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तुरंत पुलिस को फिरौती की जानकारी दी।
एसपी मनोज सोनकर, एएसपी आदित्य वर्मा, सीओ पटियाली गवेंद्र गौतम पुलिस टीमों के साथ गांव में पहुंच गए। परिजनों से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस टीमें बच्चे की तलाश में कटरी में कॉम्बिंग कर रही हैं। शाम तक बच्चे का कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया है।
एसपी मनोज सोनकर ने बताया कि बच्चा लापता है। उसको ढूंढने के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। पीड़ित परिवार ने एक अन्य परिवार से रंजिश की बात भी कही है। हर पहलू पर जांच कर रहे हैं। कॉम्बिंग भी कराई जा रही है। परिजनों ने यह भी बताया कि किसी ने फोन कर फिरौती मांगी है। उसकी भी जांच होगी कि क्या सच्चाई है।