आगरा: 15 जून तक बंद रहेंगे ताजमहल समेत सभी स्मारक, पर्यटन कारोबारियों में निराशा
आगरा में कोरोना संक्रमण घटने के बाद प्रशासन ने कोरोना कर्फ्यू में ढील दी है। अब एक जून से सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक सोमवार से शुक्रवार सभी बाजार खुलेंगे। नाइट कर्फ्यू और शनिवार-रविवार को साप्ताहिक बंदी जारी रहेगी। ताजमहल समेत सभी स्मारक भी नहीं खुलेंगे।
विस्तार
ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी समेत एएसआई के सभी स्मारकों पर 15 जून तक ताला लगा रहेगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने स्मारकों की बंदी 15 जून तक बढ़ा दी है। कोरोना संक्रमण के कारण स्मारक 16 अप्रैल से बंद हैं। स्मारकों से रोजी रोटी कमा रहे गाइड, फोटोग्राफर, छोटे दुकानदार, होटल, रेस्टोरेंट, एंपोरियम, हस्तशिल्पियों के सामने संकट बढ़ गया है। संस्कृति मंत्रालय द्वारा 15 जून तक स्मारकों की बंदी बढ़ा देने से पर्यटन कारोबारियों में निराशा है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में एएसआई ने सभी संरक्षित स्मारकों, पुरातत्वीय स्थलों और संग्रहालयों को बंद करने का आदेश 15 अप्रैल को जारी किया था। पहले यह आदेश 15 मई तक के लिए था, जिसे 31 मई तक बढ़ा दिया गया। रविवार को संस्कृति मंत्रालय के आदेश के बाद निदेशक (स्मारक) डॉ. एनके पाठक ने स्मारकों को 15 जून या अग्रिम आदेशों तक के लिए बंद रखे जाने का आदेश किया।
दो महीने तक रोजी रोटी का बढ़ गया संकट
स्मारकों के 45 दिनों से बंद होने के कारण पर्यटन उद्योग से जुड़े लोग परेशान हैं और उनके सामने रोजी रोटी का संकट है। पर्यटन से आगरा में 3.50 लाख लोग जुड़े हुए हैं। कोरोना के कारण बीते साल ताजमहल 188 दिन तक बंद रहा था। इस बार 45 दिन हो चुके हैं और रविवार के आदेश के बाद दो महीने तक स्मारक बंद रहेंगे।
आगरा में नई गाइडलाइन जारी: एक जून से खुलेंगे सभी बाजार, जानें क्या है छूट और प्रतिबंध
गाइड एसोसिएशन अध्यक्ष शमशुद्दीन के मुताबिक उम्मीद थी कि अनलॉक में स्मारकों को पर्यटकों की सीमित संख्या के साथ खोल दिया जाएगा, लेकिन निराश होना पड़ा। यूपी गाइड वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष दीपक दान को भी पूरी उम्मीद थी कि संक्रमण दर कम होने के कारण ताज खोल दिया जाएगा, जिससे बेरोजगार बैठे लोगों को कुछ तो कमाई होगी, लेकिन निराशा हाथ लगी।