परेशानी: वायरल बुखार में कोरोना जैसे लक्षण, ठीक होने में लग रहा लंबा समय, मरीजों में मिले ये लक्षण
दोगुना हुए मरीज, बुखार-खांसी, गले में खराश और सांस लेने में भी हो रही परेशानी, चिकित्सक बोले, पहले के मुकाबले ठीक होने में लग रहे 10 से 12 दिन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में वायरल फीवर के सबसे ज्यादा मरीज आ रहे हैं। बीते 15 से 20 दिन में ओपीडी में मरीजों की संख्या दोगुना से अधिक है। इनको बुखार, खांसी समेत सभी लक्षण कोरोना वायरस जैसे ही हैं, लेकिन राहत की बात हैं कि स्क्रीनिंग के बाद जांच में रिपोर्ट निगेटिव मिल रही है। मेडिसिन विभाग के डॉ. अजीत चाहर ने बताया कि ओपीडी में 286 मरीज आए, इसमें से बुखार-खांसी, सिर भारी रहना, गले में खराश, छाती में जकड़न, सांस लेने में परेशानी के करीब 110 से अधिक मरीज रहे। इनके लक्षण लगभग सभी कोरोना वायरस जैसे ही हैं। इनकी केस हिस्ट्री के साथ स्क्रीनिंग करने के बाद 30 से 40 मरीजों की कोरोना की जांच भी करा रहे हैं, लेकिन इनकी रिपोर्ट निगेटिव है। यह वायरल फीवर है, जो पहले कुछ वर्षों के मुकाबले तीन से पांच दिन अधिक परेशान कर रहा है। अभी के वायरल फीवर को पूरी तरह से ठीक होने में 10 से 12 दिन लग रहे हैं, पहले अमूमन पांच से सात दिन में ठीक हो रहे थे।
भूख भी लग रही कम, नींद भी प्रभावित
जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. एके अग्रवाल ने बताया कि जिला अस्पताल में रोजाना 1500 से अधिक मरीज ओपीडी में आ रहे हैं। इसमें से वायरल फीवर के 210 से 240 मरीज हैं। इनमें खांसी-जुकाम समेत अन्य परेशानी के अलावा भूख कम लगना, नींद भी प्रभावित हो रही है। इससे मरीजों में कमजोरी भी होने लगती है। दवा देने के साथ आराम करने को कहा जा रहा है।
ये सतर्कता बरतें
- खांसी-जुकाम है तो घर में भी मास्क लगाकर रखें।
- गुनगुना पानी पीएं, डॉक्टर से परामर्श से दवाएं लें।
- ठंडा पानी पीने और एसी-कूलर में सोने से बचें।
- नमक के पानी से गुनगुने पानी से गरारे कर सकते हैं।
- सीने में जकड़न होने पर भाप भी ले सकते हैं।