डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि: कुलपति की गाड़ी पर चढ़े छात्र नेता, पुतला फूंकने का प्रयास; पुलिस से हुई खींचतान
आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि में कुलपति की गाड़ी पर छात्र नेता चढ़ गए। उन्होंने पुतला फूंकने का प्रयास किया। घंटों प्रदर्शन चला। इस दौरान पुलिस से भी खींचतान हुई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के पालीवाल पार्क परिसर के अंदर और बाहर बृहस्पतिवार को छात्र संगठनों ने घंटों विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) व समाजवादी छात्रसभा ने पहले तो गेट संख्या-2 के बाहर कुलपति का पुतला फूंकने का प्रयास किया, मौके पर मौजूद पुलिस के साथ खींचतान हुई।
कुछ देर में कुलपति प्रो. आशु रानी गाड़ी में बैठकर वहां से गुजरीं। छात्र नेता उनकी गाड़ी के आगे लेट गए। एक छात्र नेता गाड़ी के बोनट पर चढ़ गया। पुलिस ने खींचकर उतारा। दोनों संगठनों के बैनर तले छात्र नेता 24 जनवरी को विश्वविद्यालय में हुई मारपीट के मामले की जांच के लिए गठित कमेटी में से चीफ प्रॉक्टर प्रो. मनु प्रताप सिंह को हटाने की मांग रहे हैं।
चीफ प्रॉक्टर को हटाने की मांग
चीफ प्रॉक्टर एबीवीपी के प्रांत अध्यक्ष हैं। उन्हें पद से हटाने की भी मांग जा रही है। विश्वविद्यालय में हुई घटना के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाने के साथ सुरक्षा एजेंसी को तत्काल प्रभाव से हटाने की भी मांग है। छात्र नेताओं ने पहले परिसर के अंदर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद बाहर निकल कर कुलपति का फूंकने वाले थे कि पुलिस ने उसे छीन लिया। बाहर ही सड़क पर बैठकर छात्र नेता नारेबाजी करने लगे।
कार्रवाई न होने तक आंदोलन जारी रहेगा
समाजवादी छात्रसभा के राष्ट्रीय सचिव मुकुल यादव का कहना है कि जब तक संगठन दूसरों पर कार्रवाई नहीं कर देता आंदोलन जारी रहेगा। विरोध प्रदर्शन में एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव शर्मा, जिला अध्यक्ष सतीश सिकरवार, प्रदेश महासचिव अंकुश गौतम, प्रदेश सचिव कुलदीप दीक्षित, हेमंत सिंह जादौन, अनिल सूर्यवंशी, रजत भारती आदि की उपस्थिति रही।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.