छात्र की मौत से गुस्साए साथियों ने घंटों बंधक बनाए रखे आरटीओ अधिकारी, हंगामा
आगरा में हिंदुस्तान इंजीनियरिंग कालेज के छात्रों ने हाईवे के चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था नहीं होने पर सोमवार को संभागीय परिवहन कार्यालय में हंगामा किया। एक घंटे तक परिवहन उपायुक्त समेत पूरे कार्यालय को बंधक बनाया रखा। परिवहन अधिकारियों ने छात्रों को समझाया कि वह एनएचएआई को ट्रैफिक सिग्नल समेत अन्य व्यवस्थाओं के लिए पत्र लिखेंगे। मुआवजे के लिए जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन दें। इसके बाद ही छात्रों ने घेराव खत्म किया।
एनएच-2 पर सिकंदरा चौराहे पर 29 सितंबर को हिंदुस्तान इंजीनियरिंग कालेज के छात्र रवि कुशवाहा की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई थी, जबकि दूसरा छात्र रजत चतुर्वेदी घायल हुआ था। इसी हादसे से गुस्साए दर्जनों छात्रों ने सोमवार को दोपहर को आरटीओ का घेराव किया।
उन्होंने नई इमारत के दोनों गेटों पर तालाबंदी करके जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि सिकंदरा चौराहे पर जेब्रा लाइन, ट्रैफिक लाइट्स नहीं हैं। अक्सर हादसे होते हैं। ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी ट्रैफिक का संचालन नहीं करते हैं। कई कालेज होने के बाद भी भारी वाहनों का आवागमन 24 घंटे बना रहता है।
उन्होंने मृतक छात्र के परिवारीजनों को मुआवजा देने की मांग की। बताया कि दूसरे छात्र की हालत नाजुक है। उसे काफी चोटें आई हैं। उसे इलाज में मदद की जाए। हाईवे पर ट्रैफिक सिस्टम दुरुस्त किया जाए।
इस पर परिवहन उपायुक्त जगदीश सिंह कुशवाहा, आरटीओ प्रशासन डीके सिंह, आरटीओ प्रवर्तन अनिल कुमार ने छात्रों को समझा बुझाकर शांत किया। एक घंटे तक कार्यालय बंद होने से कामकाज भी बाधित हो गया।