फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   skool ke baahar se chhaatra ka apaharan

स्कूल के बाहर से छात्रा अगवा

Thu, 14 Apr 2022 01:45 AM IST
Agra Bureau आगरा ब्यूरो
Updated Thu, 14 Apr 2022 01:45 AM IST
विज्ञापन
skool ke baahar se chhaatra ka apaharan
आगरा। सदर के शहीद नगर क्षेत्र स्थित एक विद्यालय के बाहर से बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे 11वीं की छात्रा का बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया गया। बाइक पर आए दो युवक उसे बैठाकर ले गए। रास्ते में छात्रा के ताऊ ने देख लिया। वह बाइक से युवकों का पीछा करने लगे। युवकों की बाइक को पकड़ने की कोशिश की। मगर, एक युवक ने उनकी बाइक में लात मार दी। बाइक फिसलने से वो गिर गए और घायल हो गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। घटना से हड़कंप मच गया। एडीजी जोन राजीव कृष्ण और एसएसपी सुधीर कुमार सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। रात तक छात्रा का पता नहीं चल सका था।
विज्ञापन

घटना सुबह तकरीबन सवा आठ बजे की है। सदर क्षेत्र की रहने वाली तकरीबन 17 वर्षीय छात्रा ताऊ के साथ स्कूल आई थी। ताऊ उसे गेट पर छोड़कर चले गए। उनकी उखर्रा रोड पर फर्नीचर की दुकान है। वह दुकान पर आ गए। थोड़ी देर बाद काम से बाहर निकले तो रास्ते में एक बाइक पर दो युवकों के पीछे भतीजी भी बैठी हुई थी। उन्होंने अपनी बाइक युवकों की बाइक के पीछे लगा दी। युवक उखर्रा से सैमरी जाने वाले रास्ते की तरफ बाइक से चल दिए। उन्होंने 500 मीटर तक पीछा किया। उन्होंने बाइक सवारों को पकड़ने का प्रयास किया। इस पर बाइक पर बैठे एक युवक ने उनकी बाइक में लात मार दी, जिससे वह बाइक सहित फिसलकर गिर गए। उनके सिर में चोट लग गई। यह देख आसपास के लोग जुट गए। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 112 पर कॉल किया। इसके बाद वह जख्मी हालत में थाना सदर पहुंचे। छात्रा के अपहरण की जानकारी से पर एडीजी जोन राजीव कृष्ण, एसएसपी सुधीर कुमार सिंह, एसपी सिटी विकास कुमार पहुंच गए। जिले भर में चेकिंग के निर्देश दिए गए। मगर, छात्रा का पता नहीं चल सका।
विज्ञापन

प्रारंभिक जानकारी मिली थी कि दो युवकों ने छात्रा का अपहरण कर लिया है। परिजनों को धक्का दिया है। परिजनों से पूछताछ में पता चला कि छात्रा कक्षा 11 में पढ़ती है। ताऊ स्कूल छोड़कर गए थे। रास्ते में उन्होंने देखा कि बाइक पर दो युवकों के साथ पीछे उनकी भतीजी बैठी है। उन्होंने रोकने का प्रयास किया। तभी वह गिरकर घायल हो गए। प्रथम दृष्टया बहला-फुसलाकर अपहरण का है। इसमें मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है। - राजीव कृष्ण, एडीजी जोन
विज्ञापन
विज्ञापन

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में युवक कैद मिल गए हैं। एक आरोपी की पहचान कुम्हेर, भतरपुर निवासी रोहित के रूप में हुई है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। उसके कुछ परिचितों को हिरासत में लिया गया है। - सुधीर कुमार सिंह, एसएसपी
सीओ सदर राजीव कुमार ने बताया कि भरतपुर के कुम्हेर का रहने वाले रोहित ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाया। वह शादियों में फोटोग्राफी का काम करता है। जिस जगह पर छात्रा रहती है, वहां रहने वाली एक महिला के घर पर उसका आना-जाना है। वह महिला को भाभी बोलता है। अपहरण की जानकारी पर आरोपी की भाभी को हिरासत में लिया गया। उनसे उसके बारे में पूछताछ की गई। यह पता किया गया कि उसका साथी कौन है। पुलिस रोहित के घर भी पहुंची। मगर, वो वहां नहीं पहुंचा है। उसके घरवाले मिले। उनसे पूछताछ की गई। कुछ को हिरासत में लिया गया। रोहित का मोबाइल भी बंद है। उसकी आखिरी लोकेशन मलपुरा की आई है। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। उसके दोस्तों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सीओ सदर ने बताया कि जिस रास्ते से युवक छात्रा को लेकर गया, उस रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए गए। एक कैमरे में छात्रा बाइक पर पीछे बैठी नजर आई है। घरवालों ने उसकी पहचान की। छात्रा जिस तरह से जा रही है, वह जबरन नहीं बैठाई जा सकती है। मामले में बहलाफुसलाकर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को ताऊ ने भतीजी के जबरन अपहरण की सूचना दी थी। इससे खलबली मच गई थी। इस पर अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए थे। छात्रा के परिजनों के साथ ही सहेलियों से बातचीत की गई। उनसे कुछ सुराग पुलिस को मिल गए। ताऊ ने बताया था कि उखर्रा पुलिया से आरोपी देवरी रोड की तरफ गए होंगे। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने जानबूूझकर अंदर का रास्ता चुना। वह मुख्य मार्ग से जाता तो पकड़ा जाता। उखर्रा मार्ग से नहर का रास्ता आता है। यहां से देवरी रोड के साथ शमसाबाद, ग्वालियर हाईवे, इरातदनगर, मलपुरा होते हुए भरतपुर के लिए जाया जा सकता है। मलपुरा भी जा सकते हैं। पुलिस इन रास्तों पर दौड़ी। वहीं सैंया पर ग्वालियर हाईवे पर चेकिंग की गई। मगर, छात्रा और युवकों का पता नहीं चल सका।
छात्रा के अपहरण की जानकारी पर कॉलोनी के लोग जुट गए। पुलिस के पूछताछ के लिए आने पर उन्होंने एक ही बात कही, बेटी को कहीं से भी बरामद कर लाओ। युवक उसे अगवा कर ले गए हैं। परिवार का बुरा हाल हो रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। इस पर थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार दहिया ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और छात्रा की बरामदगी होगी।

कॉलोनी की महिलाओं का कहना था कि मनचले स्कूल और कॉलेज के पास खड़े रहते हैं। उन्हें परेशान करते हैं। इस रोकने के लिए महिला सुरक्षा दल (एंटी रोमियो स्क्वैड) भी बनाया गया है। पुलिस स्कूल-कॉलेज में जाने का दावा करती है। इसके बावजूद एक छात्रा को अगवा कर लिया गया। पुलिस को परिवार के लोगों ने ही सूचना दी। कॉलेज के बाहर पुलिस सक्रिय होती तो ऐसा नहीं होता। उनकी भी बेटियां स्कूल कालेज जाती हैं। वो भी सुरक्षित नहीं हैं। अधिकारियों को चाहिए कि स्कूल-कॉलेज के पास सुरक्षा बढ़ाएं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed