{"_id":"620e4bd4a26c6d50bf2fa022","slug":"shopkeepers-selling-duplicate-salt-in-the-name-of-tata-company-in-agra","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"आगरा: टाटा कंपनी के नाम से बेच रहे थे साधारण नमक, दो दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आगरा: टाटा कंपनी के नाम से बेच रहे थे साधारण नमक, दो दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
Thu, 17 Feb 2022 07:00 PM IST
मुकेश कुमार
अमर उजाला ब्यूरो, आगरा
अमर उजाला ब्यूरो, आगरा
Published by: मुकेश कुमार
Updated Thu, 17 Feb 2022 07:00 PM IST
सार
आगरा में जगदीशपुरा क्षेत्र की दो दुकानों पर टाटा कंपनी के प्रतिनिधियों ने पुलिस के साथ मारा छापा। दोनों दुकानों पर नमक के 183 पैकेट बरामद हुए।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विस्तार
आगरा के जगदीशपुरा क्षेत्र में दो दुकानों पर टाटा कंपनी की पैकिंग में साधारण नमक बेचा जा रहा था। कंपनी के प्रतिनिधि की सूचना पर पुलिस ने दुकानों पर छापा मारकर चार प्लास्टिक के कट्टों में 183 पैकेट नमक के बरामद कर लिए। पुलिस ने दोनों दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। विवेचना की जा रही है।
विज्ञापन
मुकदमा ईआईपीआर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, सेंट्रल, दिल्ली के मैनेजर आपरेशन रवि सिंह ने दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि कंपनी का काम टाटा नमक की बिक्री से संबंधित सूचना संकलित करना है। पिछले दिनों उनको सूचना मिली थी कि जगदीशपुरा क्षेत्र में कुछ दुकानदार नकली नमक की बिक्री कर रहे हैं। इस पर उन्होंने गोपनीय तरीके से जांच की। इसमें सूचना सही निकली। रवि सिंह ने थाना पुलिस से संपर्क किया।
विज्ञापन
दुकानदार नहीं दिखा सके बिल
पुलिस टीम ने मंगलवार को कंपनी प्रतिनिधि के साथ सबसे पहले सिकंदरा-बोदला मार्ग स्थित मनीष कुमार की मदन डेली नीड्स की दुकान पर छापा मारा। दुकान में एक कट्टा सील लगा मिला, जिसमें टाटा नमक के नाम से एक-एक किलोग्राम के 50 पैकेट, एक खुले कट्टे में एक-एक किलोग्राम के 33 पैकेट मिले। इस पर पुलिस ने दुकानदार से माल का बिल मांगा। मगर, वो बिल नहीं दिखा सका।
विज्ञापन
पुलिस की पूछताछ में मनीष कुमार ने बताया कि वह बिचपुरी मार्ग स्थित रवेंद्र सिंह की स्वदेशी ट्रेडर्स की दुकान से नमक के पैकेट खरीदते हैं। इस पर पुलिस ने उस दुकान पर भी छापा मारा। दुकान में दो कट्टों में एक-एक किलोग्राम के 50-50 पैकेट मिले। यह दुकानदार भी बिल नहीं दिखा सका। मामले में दोनों दुकानदारों के खिलाफ कापी राइट एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद माल से नमक का एक पैकेट और असली नमक के एक पैकेट को सैंपल को जांच के लिए रखा है।