बॉक्स ऑफिस: मंडे टेस्ट में पास या फेल 'उड़ता तीर'? 'जेलर 2' की कमाई सबसे आगे, 'प्रहार'- 'नई नवेली' का ऐसा हाल
- वीकएंड पर फिल्मों के कलेक्शन में अच्छा इजाफा देखा गया। 'जेलर 2' 400 करोड़ क्लब का हिस्सा बन गई है।
- 'उड़ता तीर' की कमाई भी शानदार रही। आज सोमवार को इसका मंडे टेस्ट में कैसा हाल रहा? जानिए
- इसके अलावा 'नई नवेली' और 'प्रहार' भी बॉक्स ऑफिस पर टिकी हैं। कमाई के मामले में इनका हाल कैसा है?
विस्तार
बॉक्स ऑफिस पर 'जेलर 2' छाई हुई है। इसके अलावा कई बॉलीवुड फिल्में भी थिएटर्स में सजी हुई हैं। इन फिल्मों ने सप्ताहांत में शानदार कमाई की। मगर, वीकडेज शुरू होने पर आमतौर पर कलेक्शन में गिरावट आती है। आज सोमवार को इन फिल्मों का हाल कैसा है?
जेलर 2 की कमाई कितनी?
सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' बॉक्स ऑफिस पर खूब चांदी काट रही है। भारत में इसने 400 करोड़ क्लब में एंट्री ले ली है। कल रविवार को कमाई 25.70 करोड़ रुपये रही थी। वहीं, आज सोमवार को 12वें दिन कलेक्शन 6.61 करोड़ रुपये है। फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 405.31 करोड़ रुपये हो चुका है। जेलर 2 का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 710.35 करोड़ रुपये हो गया है।
'उड़ता तीर' ने मंडे टेस्ट में कितने कमाए?
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान अभिनीत फिल्म 'उड़ता तीर' 23 अक्तूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। ओपनिंग डे पर इस फिल्म ने 4.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया। दूसरे दिन का कलेक्शन 7.25 करोड़ रुपये रहा। कल रविवार को कमाई 8.20 करोड़ रुपये थी। मगर, आज सोमवार को कलेक्शन काफी गिर गया है। खबर लिखे जाने तक 'उड़ता तीर' ने 2.13 करोड़ रुपये कमाए हैं। फिल्म की टोटल कमाई 21.68 करोड़ रुपये हो चुकी है।
'प्रहार' की कमाई लाखों में आई
राजकुमार राव अभिनीत फिल्म 'प्रहार' ने बीते दो दिन वीकएंड पर दम दिखाया था। इसने शनिवार को 1.15 करोड़ और कल रविवार को 1.20 करोड़ रुपये कमाई कर डाली थी। वहीं, आज सोमवार का कलेक्शन लाखों में सिमट गया है। आज सोमवार को 11वें दिन इस फिल्म ने 25 लाख रुपये का कलेक्शन किया है। इस फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 20.35 करोड़ रुपये हो गया है।
'नई नवेली' को भी लगा झटका
यामी गौतम की 'नई नवेली' की रिलीज को आज 11 दिन हो गए हैं। कल रविवार को इस फिल्म का कलेक्शन 95 लाख रुपये था। वहीं, आज सोमवार को कमाई 26 लाख रुपये हो चुकी है। इसी के साथ फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 24.86 करोड़ रुपये हो गया है।