फिरोजाबाद: सर्दी का सितम, अब चार जनवरी तक बंद रहेंगे कक्षा आठवीं तक के सभी स्कूल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिरोजाबाद जिले में शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों का अवकाश और बढ़ा दिया है। जिले के कक्षा आठवीं तक के सभी स्कूल अब चार जनवरी तक बंद रहेंगे। वहीं, कक्षा नौ से 12वीं तक स्कूल-कॉलेजों में समय परिवर्तन कर दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा आठवीं कक्षा तक स्कूलों में 28 दिसंबर तक घोषित अवकाश शनिवार को कड़ाके की सर्दी के कारण बढ़ा दिया गया है। डीआईओएस रितु गोयल ने बताया कि सभी राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन, कॉन्वेंट, मिशनरी स्कूल पर यह आदेश लागू होगा।
चूंकि बोर्ड परीक्षा नजदीक आ रही है, इसलिए कक्षा नौ से 12वीं तक के विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया गया है। यह विद्यालय सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक खुलेंगे। वहीं आठवीं तक के स्कूल अब पांच जनवरी को खुलेंगे।
डीआईओएस ने सभी राजकीय, वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को जिम्मेदारी सौंपी है कि अगर कोई विद्यालय नियमों का पालन नहीं करता है तो उसकी सूचना दें। विद्यालय के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ठंड से ठिठुरे लोग
फिरोजाबाद में शनिवार का दिन सबसे अधिक ठंडा रहा। सर्दी के चलते कार्यालयों में भी सन्नाटा पसरा रहा। जो लोग उपस्थित थे, वो हीटर या अलाव पर तापते रहे। बाजार भी देर से खुले और शाम को भी दुकानदार जल्दी ही घर चले गए।
सर्दी से ठिठुरते बच्चे कोचिंग सेंटरों की ओर आते-जाते दिखे। शहर की सड़कों पर लोग जगह-जगह अलाव तापते रहे थे। कोहरे और शीत लहर के बाद सर्दी के सितम से हर कोई परेशान नजर आया। पशु पक्षी भी सर्दी से बेहाल थे।
कोहरा के कारण सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित है। ट्रेने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से चल रही हैं। ट्रेनों की लेट लतीफी और सर्दी के सितम के चलते कई लोगों ने तो टिकट तक रद्द करा दिया।