Kidnapping Case: आगरा का सराफ 24 घंटे में छतरपुर से बरामद, पुलिस के गले नहीं उतर रही अपहरण की कहानी
आगरा के सैंया क्षेत्र से अगवा सराफ के मामले में नया मोड़ आ गया है। झांसी रेलवे स्टेशन के फुटेज से सुराग मिलने के बाद पुलिस ने सराफ को देर रात छतरपुर से बरामद कर लिया। पुलिस सराफ को आगरा लेकर आ रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के ग्वालियर हाईवे स्थित सैंया के कटी चौकी पुल के पास से शुक्रवार शाम को अगवा सराफ छदामी लाल वर्मा को पुलिस ने शनिवार रात को छतरपुर में बरामद कर लिया। इससे पहले ग्वालियर और झांसी रेलवे स्टेशन पर वो सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में नजर आए थे। इस पर पुलिस टीम को सुराग मिला था। अब पुलिस टीम उन्हें आगरा ला रही है। उनसे अपहरण के संबंध में पूछताछ की जाएगी। अपहरण की कहानी पुलिस के गले नहीं उतर रही है।
घटिया आजम खां निवासी छदामी लाल वर्मा की इरादतनगर के बृथला में दुकान है। वह शुक्रवार शाम को बाइक से घर आ रहे थे। उन्होंने शाम तकरीबन 7:32 बजे अपने भाई को फोन किया था। 51 सेकंड की बातचीत में बताया कि उनको बदमाशों ने घेर लिया है। खींचकर ले जा रहे हैं। वह कटी पुल पर हैं। परिजनों के पहुंचने पर पुल के पास उनकी बाइक, जूते और बैग मिला था। मोबाइल बंद हो गया था।
छतरपुर के मंदिर से किया बरामद
पुलिस सूत्रों ने बताया कि छदामी लाल वर्मा को मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित एक मंदिर से बरामद कर लिया गया है। पुलिस टीम उन्हें आगरा लेकर आ रही है। पुलिस की प्रारंभिक छानबीन में अपहरण की बात साबित नहीं हो रही है। पुलिस छदामी लाल से पूछताछ करेगी। अगर, अपहरण नहीं होगा तो साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई होगी। हालांकि अभी बरामदगी को लेकर पुलिस ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि छदामी लाल की बाइक, जूते और बैग पुल के नीचे मिली थीं। छह टीमों को लगाया गया था। इसके बाद रेलवे-बस स्टैंड को देखा। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला। ग्वालियर और झांसी रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में एक व्यक्ति नजर आया। कद-काठी से छदामी लाल वर्मा नजर आ रहे थे। फुटेज परिजनों को दिखाई। उन्होंने पहचान कर ली। वो आराम से रेलवे स्टेशन से निकल रहे हैं। इस पर टीम को भेजा गया। बाद में छतरपुर की लोकेशन आई।