Agra: घर खरीदारों से करोड़ों की ठगी का मामला, साले के बाद अब जीजा की तलाश में जुटीं राजस्व टीमें
आगरा में घर खरीदारों से करोड़ों की ठगी के मामले में राजस्व टीमें साले के बाद अब जीजा की तलाश में जुटीं हैं।20 से अधिक घर खरीदारों का करीब 17 करोड़ रुपये बकाया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में निखिल होम एसोसिएट व मां मंशा देवी सहकारी आवास समिति के निदेशक बनकर हमनाम जीजा-साले घर का सपना दिखाकर खरीदारों से ठगी करते रहे। 20 दिन पहले प्रशासन ने साले शैलेंद्र अग्रवाल पुत्र किशन लाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब जीजा शैलेंद्र अग्रवाल पुत्र ओम प्रकाश की गिरफ्तारी के लिए प्रशासन को उसकी तलाश है। यह 20 दिनों से फरार है।
निखिल होम एसोसिएट पर 20 से अधिक घर खरीदारों का करीब 17 करोड़ रुपये बकाया है। रेरा से नोटिस जारी होने के बाद भी प्रशासन वसूली नहीं कर सका। राजीव कुमार और देवेंद्र शाही ने प्रशासन पर वसूली में लापरवाही की शिकायत भू संपदा विनियामक प्राधिकरण से की। जिसके बाद डीएम ने 1.94 करोड़ रुपये बकायेदारी पर तीन नई आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी किए।
एसडीएम को गिरफ्तारी के निर्देश दिए। सात दिसंबर को प्रशासन ने साले शैलेंद्र अग्रवाल पुत्र किशन लाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लेकिन, 20 दिन से जीजा शैलेंद्र अग्रवाल पुत्र ओम प्रकाश फरार है। तहसीलदार रजनीश वाजपेयी ने बताया कि तीन टीमें लगाई हैं। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। सभी संपत्तियां कुर्क हैं। किसी भी संपत्ति की खरीद-फरोख्त नहीं कर सकता। संपत्तियों की नीलामी के लिए मूल्यांकन कराया जा रहा है।
100 करोड़ मूल्य के 250 फ्लैट सील
एकता पुलिस चौकी के पास 125 फुट चौड़े चमरौली रोड पर निखिल होम एसोसिएट ने 12 मंजिल का निखिल पार्क रॉयल अपार्टमेंट बनाया था। इसमें करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य के 250 फ्लैट प्रशासन ने कुर्क किए थे। सभी फ्लैट सील हैं। इन फ्लैट्स को प्रशासन नीलाम करेगा।
गायत्री व प्रेरणा के फ्लैट पांच को होंगे नीलाम
मैसर्स गायत्री डेवलपवेल प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन हरिओम दीक्षित (निवासी 406 विभव एग्जोटिक सूर्य नगर) के सिकंदरा स्थित मनहर गार्डन में चार फ्लैट और मैसर्स प्रेरणा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर जितेंद्र मंगला (निवासी नारायण टावर संजय प्लेस) के बाईंपुर स्थित मंगलम आधार में नौ फ्लैट कुल 13 फ्लैट प्रशासन सदर तहसील में पांच जनवरी को नीलाम करेगा। प्रेरणा कंस्ट्रक्शन के 47 फ्लैट मंगलम आधार में सील हैं।
नहीं खुली जयराम मार्बल की सील
गैलाना मोड़ स्थित जयराम मार्बल की सील बुधवार को नहीं खुली। रजिस्ट्री में करीब 82 लाख रुपये की स्टांप कमी मामले में आरसी जारी होने के बाद प्रशासन ने करोड़ों रुपये के माल सहित गैलाना मोड़ पर संपत्ति कुर्क की थी। 20 लाख रुपये जमा कराए। बुधवार को एसडीएम ने सील खोलने के आदेश नहीं किए।