Rana Sanga Controversy: सांसद के घर पर हमले से सियासत गरमाई, संसद से सड़क तक आंदोलन करेगी सपा
समाजवादी पार्टी ने ने एलान किया कि ऐसे हमलों से सपा नेता झुकेंगे नहीं, बल्कि मुकाबला करेंगे। संसद से लेकर सड़क तक इस मामले में संग्राम होगा। ईद के बाद पूरे प्रदेश में आंदोलन शुरू किया जाएगा।
विस्तार
राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के घर पर करणी सेना के हमले के बाद सियासत गरमा गई है। हमले के 24 घंटे के अंदर ही सपा के महासचिव रामगोपाल यादव और शिवपाल यादव सांसद सुमन के आवास पर पहुंचे। उनके बेटे और परिजन से मुलाकात कर हालचाल पूछा।
दोनों नेताओं ने एलान किया कि ऐसे हमलों से सपा नेता झुकेंगे नहीं, बल्कि मुकाबला करेंगे। संसद से लेकर सड़क तक इस मामले में संग्राम होगा। ईद के बाद पूरे प्रदेश में आंदोलन शुरू किया जाएगा। वहीं, लखनऊ में सपा कार्यकर्ताओं ने हमले के विरोध में प्रदर्शन भी किया। रामगोपाल ने कहा कि वह संसद में इस मामले को उठाएंगे। करणी सेना को पुलिस प्रशासन ने सहयोग किया, अन्यथा इतनी दूर से बुलडोजर, लाठी, डंडे, तलवारें लेकर लेकर आए लोगों को पुलिस रोक नहीं पाई। यह पूर्व नियोजित हमला था।
सामंतवादी मनोवृत्ति के लोगों ने सुमन के परिवार की हत्या के इरादे से हमला किया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने की जगह छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आगरा में थे। उनकी सभा से महज एक किमी की दूरी पर करणी सेना ने सांसद के घर पर हमला कर दिया, पुलिस क्या करती रही। जिन अधिकारियों ने गिरफ्तारी के बाद हमलावरों को छोड़ा, उनके खिलाफ जांच की जाए और दंडित किया जाए।
सपा सांसद आवास पर हमले में दो केस
सुमन के आवास पर हमला, तोड़फोड़ में क्षत्रिय करणी सेना के कार्यकर्ताओं पर दो केस दर्ज किए गए। पहला केस सांसद के बेटे रणजीत सुमन और दूसरा घायल दरोगा दिनेश कुमार की ओर से दर्ज कराया गया है। रणजीत का आरोप है कि करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने हमला करके उनकी हत्या का प्रयास किया।
सुमन बोले- इस जन्म में नहीं मांगूगा माफी
सपा के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने बृहस्पतिवार को राणा सांगा को लेकर अपनी विवादास्पद टिप्पणी पर माफी मांगने से इन्कार कर दिया। उन्होंने कहा, इस जन्म में माफी नहीं, अगले जन्म का नहीं पता। उन्होंने दावा किया कि उनके आवास पर हमला उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने के इरादे से किया गया। सुमन ने एक इंटरव्यू में कहा, सच स्वीकार करना सीखें। राणा सांगा ने बाबर को इब्राहिम लोदी को हराने के लिए बुलाया था, जिसे उन्होंने एक गद्दारी के रूप में पेश किया।
करणी सेना भी सड़कों पर उतरी, पुतला फूंका
राणा सांगा के संबंध में सपा सांसद रामजीलाल सुमन की टिप्पणी को लेकर चल रहा विरोध थम नहीं रहा है। गुरुवार को अलीगढ़ और हाथरस में करणी सेना के पदाधिकारियों को सुबह से ही नजरबंद कर लिया गया। अलीगढ़ के लोधा क्षेत्र में करणी सेना युवा शक्ति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश सिंह रावल, प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में खेरेश्वर चौराहे पर प्रदर्शन कर रामजीलाल सुमन का पुतला दहन किया। करणी सेना ने सुमन की राज्यसभा से सदस्यता निरस्त करने की मांग की है। दूसरी ओर हाथरस के कसबा सहपऊ क्षेत्र के गांव बहरदोई स्थित रामजीलाल सुमन के पैतृक आवास पर दिनभर पुलिस तैनात रही।
यह भी पढ़ें: राणा सांगा पर संग्राम: सपा सांसद के घर हमला...बुलडोजर के साथ पहुंची करणी सेना, पथराव और भगदड़; देखें तस्वीरें