किसान सम्मान निधि की सूची में 'नरेंद्र मोदी' ही नहीं, राम पुत्र दशरथ का भी नाम, लेखपाल हो रहे हैरान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूची में ऐसे नाम हैं, जिनका कोई अता-पता नहीं है। नाम भी ऐसे कि इन्हें देखकर लेखपाल भी चकरा रहे हैं। ऐसा ही एक नाम एत्मादपुर तहसील के गांव मदरा का भी सामने आया है। कृषि विभाग की सूची में 22 नंबर पर राम पुत्र दशरथ, जाति पिछड़ा के नाम दर्ज है। जांच की तो पता चला कि गांव में ऐसा कोई व्यक्ति ही नहीं है। बताया जा रहा है कि सूची में लगभग 40 फीसदी नाम फर्जी हैं।
एक फरवरी को केंद्र सरकार ने बजट में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की घोषणा की थी। केंद्र सरकार की इस प्राथमिकता वाली योजना को मुकाम तक पहुंचाने के लिए पात्र किसान ढूंढे जा रहे हैं। कृषि विभाग ने जिले में 2.12 लाख किसानों की सूची तैयार की है।
तहसीलवार भेजी सूची
बता दें कि इस योजना की शुरुआत पीएम नरेंद्र मोदी 24 फरवरी को गोरखपुर में करेंगे। लघु एवं सीमांत किसानों को फायदा मिलेगा। किसानों को छह हजार रुपये वार्षिक आर्थिक मदद दी जाएगी। दो हजार रुपये की पहली किस्त इसी माह मिलेगी।
आधार कार्ड तक फर्जी
सत्यापन के दौरान तमाम ऐसे किसानों के नाम सामने आए हैं, जिसमें आधार कार्ड तक फर्जी लगा दिए गए हैं। कई किसानों के बैंक एकाउंट नंबर तक गलत हैं। महुआ खेड़ा, बरारा, बरौली अहीर, बगदा, मलपुरा, अरतौनी, सिरौली, जैतपुरकलां आदि गांव में अपात्र मिले हैं।
योजनाओं का लाभ लेने की आशंका
कृषि विभाग की सूची में तमाम अपात्र किसानों के नाम सामने आए हैं। ऐसे में यह अंदेशा गहरा गया कि सूची में शामिल इन अपात्र किसानों की आड़ में किसी ने किसानों के लिए चलाई जा रहीं दूसरी योजना का लाभ तो नहीं लिया।
इस संबंध में जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार ने बताया कि सम्मान निधि के लिए कराए जा रहे सत्यापन में कुछ गड़बड़ियां सामने आने की शिकायत मिली है। इन सभी की जांच कराई जा रही है। किसी भी अपात्र को योजना का लाभ नहीं मिलेगा।