शमसाबाद। बिजली के निजीकरण और स्मार्ट मीटर के विरोध में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के आह्वान पर शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष कामरेड भारत सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत उपखंड कार्यालय पर धरना दिया और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपखंड अधिकारी विकास नाथ तिवारी को सौंपा।
पार्टी के सभी कार्यकर्ता सुढरई रोड स्थित किसान भवन पर एकत्रित हुए। वहां से वे सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में नगर के मुख्य मार्गों से होकर शमसाबाद विद्युत उपखंड कार्यालय पहुंचे। धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कामरेड भारत सिंह ने कहा, सरकार विद्युत वितरण का काम निजी हाथों में सौंपने जा रही है। ये प्राइवेट कंपनियां जनता और किसानों का आर्थिक शोषण करेंगी। उन्होंने मांग की कि सरकार निजीकरण के फैसले को तुरंत वापस ले और सही चल रहे पुराने मीटरों को उखाड़कर नए स्मार्ट मीटर लगाने की योजना को रद्द करे। ज्ञापन में मांग की गई बिजली वितरण के निजीकरण के फैसले को वापस लिया जाए और स्मार्ट मीटर योजना रद्द हो। लहर पट्टी और लहर गांव में आबादी के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की खतरनाक लाइन को हटाकर 500 वोल्टेज की सुरक्षित लाइन खींची जाए। नलकूपों के लिए बिजली सप्लाई का समय बदला जाए। प्रदर्शन करने वालों में चोब सिंह, प्रमोद कुमार, चंद्रभान, राम अवतार, रमेश चंद माहौर, केदार सिंह बघेल, रमेश चंद्र, प्रताप सिंह और राम मोहन शामिल रहे।