आगरा: सीवर के बाद निजी हाथों में सौंपी ताजनगरी की सफाई व्यवस्था, बेंगलुरु की कंपनी संभालेगी कमान
बेंगलुरु के स्वच्छता कॉरपोरेशन ने सोमवार को आगरा नगर निगम से टेंडर हासिल कर लिया। आगरा की सफाई व्यवस्था के लिए तीन कंपनियों ने टेंडर डाले थे।
विस्तार
आगरा में बीते साल चेन्नई की कंपनी वीए टेक वबाग को सीवर नेटवर्क सौंपने के बाद नगर निगम ने शहर की डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और सफाई व्यवस्था भी निजी कंपनी को सौंप दी है। बेंगलुरू के स्वच्छता कॉरपोरेशन ने सोमवार को आगरा नगर निगम से टेंडर हासिल कर लिया। आगरा की सफाई व्यवस्था के लिए तीन कंपनियों ने टेंडर डाले थे।
नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे ने बताया कि कंपनी घर-घर से कचरा लेकर ट्रांसफर स्टेशन तक पहुंचाएगी। यहां से कुबेरपुर साइट तक कचरा पहुंचाना नगर निगम की जिम्मेदारी है। कंपनी के कर्मचारियों को कचरा लेने के बाद घरों के बाहर लगे रेडियो फ्रिक्वेंसी आइडेंटिटीफिकेशन (आरएफआईडी) प्लेट को स्कैन करना होगा, ताकि मॉनिटरिंग हो सके।
कंपनी को डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए 400 वाहन खरीदने होंगे। जब तक उनके वाहन नहीं आते तब तक नगर निगम के छोटे वाहनों का उपयोग कंपनी कर सकेगी। हर वार्ड में चार छोटे वाहन रहेंगे। इसकी विधिवत शुरूआत दिसंबर में हो जाएगी।
निगम में 4200 सफाईकर्मी
आगरा नगर निगम में स्थायी, संविदा और आउटसोर्सिंग के कुल 4200 सफाई कर्मचारी हैं। बीते साल चारों कंपनियों के डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन घोटाले के बाद कंपनियों के करार निरस्त कर नगर निगम ने ही जिम्मेदारी संभाली। तब निगम के कर्मचारियों से ही डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन कराया गया, लेकिन इससे न तो सड़कों, नालियों की सफाई हो पाई और न ही डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन प्रभावी हो सका।
39 फीसदी तक ही कचरा घरों से उठाया जा सका। अब दिसंबर में कंपनी के डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के बाद निगम के पूरे 4200 कर्मचारी सड़कों और नाले-नालियों की सफाई तथा फॉगिंग, एंटी लार्वा के छिड़काव में लग पाएंगे।
दिसंबर में शुरू होगा काम
नगर आयुक्त निखि टी. फुंडे ने बताया कि नई कंपनी स्वच्छता कारपोरेशन डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का काम करेगी। दिसंबर में कंपनी काम शुरू कर देगी। हमारे कर्मचारी जो इसमें लगे थे, वह सड़कों और नालियों की सफाई में लगेंगे।