आगरा: कक्षा एक से पांच के विद्यार्थियों के लिए आज से खुलेंगे स्कूल, शिक्षक करेंगे स्वागत
- कक्षा एक से पांच के विद्यार्थियों के लिए ग्यारह महीने बाद आज से खुल रहे स्कूल
- शिक्षक तिलक लगाएंगे, ताली बजाएंगे, परिषदीय स्कूलों में उत्सव का आयोजन होगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा जिले में कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों को भौतिक रूप से पढ़ाने के लिए आज से स्कूल खुल जाएंगे। पहले दिन निजी स्कूलों में विद्यार्थियों का शिक्षक ताली बजाकर और तिलक लगाकर स्वागत करेंगे। वहीं, परिषदीय स्कूलों में उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
बीएसए राजीव कुमार यादव ने खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कक्षा एक से पांच के विद्यार्थियों के 11 माह बाद स्कूल पहुंचने पर भव्य स्वागत कराया जाए। जिससे विद्यार्थियों में विशिष्टता का भाव उत्पन्न हो और वह स्कूलों में जाने के लिए आकर्षित हों।
विद्यार्थियों, जन समुदाय, स्कूल प्रबंध समिति के सहयोग से उत्सव का आयोजन किया जाना है। व्हाट्स एप के माध्यम से अभिभावकों व समुदाय को स्कूल खुलने की जानकारी देनी है। कोरोना संक्रमण के संबंध में शासन स्तर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन कराना है।
गुब्बारे, रंगोली व झंडियों से स्कूल को सजाना है
पहले दिन स्कूलों को गुब्बारे, रंगोली, झंडियों आदि से सजाने के निर्देश बीएसए स्तर से जारी किए गए हैं। बच्चों के छोटे-छोटे समूह बनाकर कोरोना संक्रमण के दौरान के अनुभव पर चर्चा करनी है और विद्यालय खुलने पर उनकी प्रतिक्रिया और उत्साह जानना है। खेलकूद भी कराया जा सकता है, इसमें शिक्षकों से भी प्रतिभाग करने के लिए कहा गया है। मध्याह्न भोजन के समय विद्यार्थी के मन का नाश्ता और भोजन परोसा जाना है। प्रत्येक ब्लाक से कम से पांच फोटोग्राफ बीएसए ने मांगा है।
पहले दिन कक्षा एक और पांच के विद्यार्थियों को पहुंचना है
शासन की ओर से जारी रोस्टर के अनुसार पहले दिन (सोमवार को) स्कूलों में कक्षा एक और पांच के विद्यार्थियों को ही पहुंचना है। प्रत्येक दिन अलग-अलग कक्षा के विद्यार्थियों को बुलाया गया है।