मैनपुरी। विकास भवन में बृहस्पतिवार को बरनाहल क्षेत्र के छह स्वयं सहायता समूह की महिलाएं डीपीआरओ से मिलने पहुंचीं। इन महिलाओं को अलग-अलग ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय के संचालन का जिम्मा दिया गया है। इसमें से एक महिला ने जहां ग्राम प्रधान द्वारा गांव में झाड़ू लगवाने का आरोप लगाया तो वहीं अन्य ने भी प्रधान द्वारा अभद्रता करने की शिकायत की।
ग्राम पंचायत तिरकारा दौलतपुर में सामुदायिक शौचालय का संचालन करने वाली समूह की बिट्टा देवी ने डीपीआरओ को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें कहा कि ग्राम प्रधान द्वारा उनसे गांव में झाड़ू लगवाई जाती है। जबकि उन्हें तो शौचालय का संचालन करने की जिम्मेदारी मिली है। मना करने पर उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। वहीं, कैलाशपुर में शौचालय का संचालन करने वाली रामसिया देवी, हाजीपुर सेमरी में सामुदायिक शौचालय का संचालन करने वाली शृंगार देवी, खेड़ा महान में सामुदायिक शौचालय का संचालन करने वाली रोली देवी और अहमदपुर में सामुदायिक शौचालय का संचालन करने वाली ऊषा देवी ने भी प्रधान द्वारा अभद्रता करने की शिकायत की। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच कर प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। इसके अलावा गांव कुम्हेरी में सामुदायिक शौचालय का संचालन करने वाली आशा देवी ने भुगतान न किए जाने की शिकायत की। डीपीआरओ रोहित कुमार ने जांच कर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।