फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   Power cut in two hundred village due to storm and rain in kasganj

आंधी ने मचाई तबाही: कासगंज में पेड़ के नीचे दबकर बालक की मौत, छह लोग घायल, 200 गांव में बिजली गुल

Thu, 05 May 2022 12:10 AM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, कासगंज
संवाद न्यूज एजेंसी, कासगंज Published by: मुकेश कुमार Updated Thu, 05 May 2022 12:10 AM IST
सार

कासगंज में बुधवार शाम को अचानक मौसम बदल गया। 68 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली, जिससे जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। आंधी के दौरान पेड़ गिरने से एक बालक की मौत हो गई, जबकि अलग-अलग हादसों में छह ग्रामीण घायल हो गए। 

विज्ञापन
Power cut in two hundred village due to storm and rain in kasganj
आंधी में गिरा विद्युत पोल और पेड़ - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

कासगंज जिले में बुधवार शाम को करीब पांच बजे तेज आंधी आई। आंधी थमने पर हल्की बूंदाबांदी हुई। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन 68 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आई आंधी ने तबाही मचा दी। आंधी के दौरान अलग-अलग स्थानों पर पेड़, विद्युत पोल और दीवारें गिरने की घटनाएं हुईं। गांव खदुईया में पेड़ के नीचे दबकर एक बालक और तीन पशुओं की मौत हो गई, जबकि दो बालिकाओं सहित छह लोग घायल हो गए। विद्युत लाइन टूटने और पोल गिरने से 200 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। 

विज्ञापन


गांव खदुईया में बुधवार शाम को अजय पुत्र राजेश (11) साइकिल से चारा लेकर लौट रहा था। इसी बीच पेड़ टूटकर गिर पड़ा, जिसके नीचे बालक साइकिल सहित दब गया। हादसे में बालक की मौत हो गई। इसी गांव में पेड़ टूटकर गिरने से हरिओम की  भैंस मर गई। गांव रानी दामर में पेड़ टूटकर गिरने से महिला कृष्णा देवी घायल हो गई। जबकि उनका बैल मर गया। 
विज्ञापन


इसी गांव में मकान की दीवार गिरने से राजवती (40) उनकी पुत्री संजू (12) घायल हो गई। नगला पोखी में चमेली देवी के ऊपर टीन आकर गिर गई, जिससे हादसे में चमेली देवी घायल हो गई। ग्राम म्याऊँ में दीवार गिरने से शेर सिंह (40) घायल हो गया। गंजडुंडवारा के रारा फतेहपुर में दीवार गिर जाने से मीना (10) पुत्री विजय सिंह घायल हो गई।  अमांपुर के नगला देसी में खेतपाल की भैंस पेड़ के नीचे दबकर मर गई। 

विज्ञापन
विज्ञापन

सड़कों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित 

शाम चार बजे से ही मौसम का मिजाज बदलने लगा। पहले तेज धुंध छाई। इसके बाद पांच बजे अंधेरा छा गया। कुछ ही देर में तेज आंधी चलने लगी। आधा घंटे तक 68 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। जिसके चलते अलग-अलग ग्रामीण इलाकों में बिजली के खंभे गिर गए। विद्युत लाइनों में फॉल्ट हो गए। कलक्ट्रेट के सामने सोरोंजी मार्ग पर पेड़ गिर गया। इससे यातायात प्रभावित हो गया। 

कई जगहों पर पोल और पेड़ गिरे 

पटियाली में पुलिस चौकी के पास पेड़ गिर गया। इससे मार्ग का पूरा रास्ता बंद हो गया। सिढ़पुरा और गंजडुंडवारा फीडर के इलाकों में पेड़ व विद्युत पोल गिरे हैं। गंजडुंडवारा में गैस गोदाम के सामने भूसे की भुर्जी उड़ गई। कई टीनशेड उड़ गए और बाउंड्री वॉल गिर गई। वहीं हरनरायन इंटर कॉलेज में पेड़ गिर गया। स्टेशन पर बनी एक मिष्ठान की दुकान का टीनशेड गिर गया। पटियाली में अलीगंज रोड पर एक बड़ा पेड़ गिरा, जिससे टीन का खोखा दब गया। 

सिढ़पुरा में भी शटरिंग कारोबारी की टीन उड़ गई जो दूसरे स्थान पर जाकर गिरी। वहीं एक विद्युत ट्रांसफार्मर पोल से उखड़कर जमीन पर जा गिरा। कासगंज के नमैनी फीडर पर 33केवीए की लाइन में ब्रेक डाउन हो गया। जिससे नमैनी फीडर से जुड़े ग्रामीण इलाकों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। नदरई-एटा रोड पर भी पोल गिरे और लाइनें टूट गईं। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बागों में गिरी आम की फसल

तेज आंधी के कारण बागों में पेड़ों से आम गिर गए। जिससे बागवानों को काफी नुकसान हुआ है। बाग के स्वामी शियोराज सिंह ने बताया कि आंधी की रफ्तार काफी तेज होने के कारण बाग में काफी क्षति हुई है। छह कुंतल आम बाग में गिर गया। बाग की रखवाली करने वाले गफ्फार ने बताया कि बाग में काफी नुकसान हुआ है। कच्ची फसल गिर गई।  

खेतों में पड़ा भूसा उड़ा

इस समय गेहूं की निकासी के बाद कई किसानों का भूसा भुर्जी में भरने के लिए खुले में पड़ा है। तेज हवाओं से यह भूसा उड़ने लगा तो किसान भूसे को उड़ने से बचाने में जुटे नजर आए। किसान महिपाल ने बताया कि वह अपनी भुर्जी बांध रहे थे, लेकिन अचानक आंधी आने के कारण काफी भूसा उड़ गया। तिरपाल डालकर भूसे का बचाव किया गया।  

एडीएम अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तेज आंधी के कारण काफी जगह विद्युत फॉल्ट हुए हैं। विद्युत पोल गिरे हैं। क्षति का आकलन कराया जा रहा है। काफी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति ठप हुई है। टीमें फॉल्ट सही करने में जुटी हैं। विद्युत विभाग से आख्या मांगी गई है। सभी तहसीलों से भी नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed