फिरोजाबाद: पुलिसकर्मी की पत्नी ने ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या, छत्तीसगढ़ पुलिस में है पति
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में पुलिसकर्मी की पत्नी ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। इसके अलावा अलग-अलग दो स्थानों पर महिला और युवक के शव मिले हैं।
विस्तार
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद क्षेत्र में रविवार को नगला हैंडल के पास पुलिसकर्मी की पत्नी ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।
गांव नसीरपुर निवासी राहुल यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में सुकुमा थाने में तैनात है। वह कुछ दिनों से छुट्टी पर घर आया हुआ है। रविवार सुबह राहुल की पत्नी शिवा यादव गांव से शिकोहाबाद पहुंची। दोपहर सवा दो बजे के करीब वह नगला हैंडल के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंची और तेज गति से आ रही मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस कर रही जांच
सूचना पर पहुंची जीआरपी ने महिला की शिनाख्त कराने की कोशिश की। इस बीच परिजन भी महिला को तलाश करते हुए वहां पहुंच गए। उन्होंने बताया कि महिला का नौ साल का एक बेट कृष्णा है। वहीं जीआरपी थानाध्यक्ष आरपीएफ योगेंद्र कुमार ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। मामले की जांच की जा रही है।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
रेलवे लाइनपार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मोहल्ला नगला विश्नू निवासी भूरा (40) कारखाने में मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। शनिवार रात वह दक्षिण थाना क्षेत्र के मोहल्ला मुरलीनगर के समीप से रेलवे लाइनपार कर रहा था। तभी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर युवक के घर न पहुंचने पर परिजन खोजबीन करते हुए जिला अस्पताल आ गए और शव की पहचान भूरा के रूप में की। भूरा का 18 साल का एक बेटा है जो बाहर नौकरी करता है।
ओवरब्रिज के नीचे मिला महिला का शव
कोटला चुंगी चौराहा के पास ओवरब्रिज के नीचे महिला का शव पड़ा होने की पता चलते ही भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष उत्तर संजीव कुमार दुबे ने बताया कि महिला भीख मांगकर अपना भरण पोषण करती थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।